logo

रांची: राजेश ठाकुर ने कांग्रेस की त्रिमूर्ति को दिखाया बाहर का रास्ता, इन नए लोगों को किया शामिल

12937news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नए अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने नई टीम की घोषणा की। राजेश ठाकुर ने 8 नए प्रवक्ताओं के नाम की घोषणा की। दिलचस्प बात ये है कि मौजूदा प्रवक्ता आलोक दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश कुमार गुप्ता, छोटू की छुट्टी हो गई है। नई टीम में राजीव रंजन प्रसाद, आभा सिन्हा, ईश्वर आनंद, राकेश सिन्हा, मंजु कुमारी, सतीश पॉल मुंजनी, एस तौसीफ और राकेश किरण महतो का नाम शामिल है। शुक्रवार सुबह से ही इसकी अटकलें थीं। 

शुक्रवार को नई टीम की घोषणा चर्चा में रही
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह से ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी में बड़े फेरबदल की सूचना थी। अब ये स्पष्ट हो गया है कि नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने नई टीम बनाई है। इस टीम में 8 नए प्रवक्ता है। इनके नामों की घोषणा कर दी गई है। नई टीम में आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और डॉ. राजेश गुप्ता छोटू जैसे नामों का ना होना, ये स्पष्ट करता है कि झारखंड कांग्रेस में गुटबाजी और अंदरूनी कलह की बात यूहीं नहीं की जा रही थई। 

आरपीएन सिंह के बारे में अभी भी अटकलें जारी
अलग-अलग स्त्रोतों से मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड कांग्रेस के मौजूदा प्रभारी आरपीएन सिंह को महासचिव बनाए जाने की सूचना थी। कहा जा रहा था कि उनको झारखंड कांग्रेस की जिम्मेदारी से मुक्त किया जा सकता है। हालांकि उस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। गौरतलब है कि राजेश ठाकुर कुछ दिन पहले ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नए अध्यक्ष बने हैं। 

राजेश ठाकुर बनाए गए थे नए कांग्रेस अध्यक्ष
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही झारखंड कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच शीर्ष आलाकमान ने डॉ. रामेश्वर उरांव के स्थान पर राजेश ठाकुर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। वहीं, बतौर नई टीम या सहयोगी बंधु तिर्की, गीता कोड़ा, जलेश्वर महतो और शहजादा अनवर को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। असंतोष की बात तब भी सामने आई जब नई टीम का स्वागत करने डॉ. रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम और बन्ना गुप्ता में से कोई नहीं पहुंचा। यही नहीं, कांग्रेस के मौजूदा प्रवक्ताओं में से भी कोई नहीं पहुंचा। 

एक व्यक्ति एक पद का हवाला देकर लिया था पद
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शीर्ष आलाकमान ने एक व्यक्ति एक पद का हवाला देते हुए डॉ. रामेश्वर उरांव से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी का पद छीना था। उनकी जगह राजेश ठाकुर को ये जिम्मेदारी दी गई। 4 नए कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए। इससे पहले झारखंड में विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में 11 कांग्रेसी विधायकों का नाम सामने आने पर भी कांग्रेस अध्यक्ष की किरकिरी हुई थी। कयास लगे कि रामेश्वर उरांव को उसी की सजा मिली। गौरतलब है कि डॉ. रामेश्वर उरांव गठबंधन सरकार में वित्त और खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हैं।