द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिमी मिदनापुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल में वैसे ही खेलेगी जैसा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और वर्तमान में बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली खेलते हैं। जिस तरह सौरव क्रीज से बाहर आकर शॉट लगाते थे, बीजेपी भी वैसा प्रदर्शन करेगी।
पश्चिमी मिदनापुर में रैली को राजनाथ सिंह ने किया संबोधित
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिमी मिदनापुर में कहा कि जब सौरव गांगुली शॉट लगाने के लिये क्रीज से बाहर आते थे तो तय होता था कि ये छक्का लगेगा। उसी तरह बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भी क्रीज से बाहर निकल आई है। हमारी पार्टी भी पश्चिम बंगाल चुनाव में जीत का छक्का लगायेगी। दिलचस्प है कि राजनाथ सिंह का ये बयान ऐसे वक्त में आया जब पश्चिम बंगाल विधानसभा के बीच सौरव गांगुली के भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन करने की चर्चा है।
बंगाल चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करेगी बीजेपी
चुनावी रैली में जाने से पहले राजनाथ सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे भले ही ज्योतिषी ना हों लेकिन इतना जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में एतिहासिक जीत हासिल करके सरकार बनाएगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में जब बीजेपी ने 18 सीटें हासिल की थी उसी समय ये स्पष्ट हो गया था कि बंगाल परिवर्तन के लिये तैयार है।
बीजेपी विधायक तय करेंगे सीएम कैंडीडेट का नाम
राजनाथ सिंह से पूछा गया कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल चुनाव में बिना किसी सीएम कैंडीडेट के चुनाव लड़ रही है। क्या चुनाव में बीजेपी को नुकसान नहीं होगा। इसके जवाब में राजनाथ सिंह ने कहा कि यहां लोकतंत्र है। चुनाव बाद बीजेपी के विधायक तय करेंगे कि उनका सीएम कौन होगा। बता दें कि बिहार की 294 विधानसभा सीटों के लिये 8 चरणों में मतदान होगा। 27 मार्च को पहले चरण की वोटिंग होगी वहीं 29 अप्रैल को आखिरी चरण का मतदान होगा। चुनाव परिणाम 2 मई को आयेंगे।