द फॉलोअप टीम, डेस्क:
अंतर्राज्यीय अथवा घरेलु पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना बनाई थी। इस सिलसिले में भारतीय रेलवे रामायण सर्किट ट्रेन चला रही है। रामायण सर्किट ट्रेन अयोध्या सहित कई स्थानों तक श्रद्धालुओं को ले जाएगी। इस कड़ी में पहली रामायण सर्किट ट्रेन रविवार को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इस ट्रेन के जरिये श्रद्धालु भगवान राम से जुड़ी जगहों की यात्रा कर सकेंगे।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है उद्देश्य
भारतीय रेलवे ने बताया कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और कोरोना महामारी की स्थिति में सुधार के बाबत रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारू करने के उद्देश्य से ये योजना बनाई गई थी जिसे अब अमल में लाया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक रामायण सर्किट ट्रेन 17 दिनों में भगवान राम से जुड़ी जगहों जैसे कि अयोध्या, सीतामढ़ी और चित्रकूट जैसे स्थानों पर जायेगी। लोग अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर इन स्थानों पर जा सकेंगे।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है ट्रेन
भारतीय रेलवे ने ट्रेन ने बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 2 तरह के एसी कोच हैं। फर्स्ट एसी और सेकेंड एसी कोच। प्रत्येक कोच में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सुरक्षा गार्ड की भी तैनाती की गई है। ट्रेन में 2 बढ़िया रेस्तरां भी बने हैं जहां यात्री मनपसंद भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। एक अत्याधुनिक रसोई भी इस ट्रेन में है। डिब्बों में शॉवर भी लगाया गया है।
