logo

अंजुमन इस्लामिया चुनाव पर रांची जिला प्रशासन ने लगाई रोक, चान्हो CO करेंगे गड़बड़ी की जांच

14820news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

 

आख़िर अंजुमन इस्लामिया रांची के चुनाव पर रोक लग ही गई। वोटर लिस्ट में गड़बडी की शिकायत लगातार मिल रही थी। इस संबंध में अंजुमन के पदाधिकारियों समेत कई प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन से वक्फ बोर्ड की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की थी। डीसी ने जांच के लिए दो सरकारी पदाधिकारी को जिम्मा सौंपा। इसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। इस बीच  6 नवंबर को चुनाव कन्वीनर डॉ. सैयद इकबाल हुसैन ने चुनाव की घोषणा कर दी। 21-24 नवंबर तक चार दिनों तक वोटिंग होनी थी। इच्छुक प्रत्याशियाें ने नामांकन करना भी शुरू कर दिया था। लेकिन कल विभागीय मंत्री ने चुनाव प्रक्रिया वक्फ बोर्ड या रांची डीसी की निगरानी में कराने का निर्देश दिया है। अब रांची जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक के लिए चुनाव पर रोक लगी दी है। बता दें कि अंजुमन मुसलमानों का प्रमुख प्रतिनिधि संगठन माना जाता है। देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद ने नजरबंदी के दिनों में रांची में इसकी स्थापना की थी।


जिला प्रशासन रांची को अंजुमन इस्लामिया, रांची की प्रबंधन समिति के होने जा रहे चुनाव प्रक्रिया पर एतराज है। इसमें बरती जा रही अनियमितता के सबब चुनाव प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासन ने उप समाहर्ता भूमि सुधार एवं अंचल अधिकारी, चान्हो को मामले की जांच का जिम्मा सौंपा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चुनाव पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।  बता दें कि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने विभागीय सचिव को इस संबंध में दिशानिर्देश दिए थे। झारखण्ड राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के सीईओ ने संबंधित फाइल जिला प्रशासन को भेजी थी। इसके बाद ही प्रशासन ने उक्त निर्णय लिया है। आरोप की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।