द फॉलोअप टीम, लखनऊः
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं के एक के बाद एक विवादित बायन आ रहे हैं। पहले सलमान खुर्शीद ने अपनी किताब में हिंदुत्व पर आपत्तिजनक बातें लिखी और अब कांग्रेस नेता राशिद अल्वी (Congress Leader Rashid Alvi) ने एक विवादित बयान दिया है। मामला यह है कि भाजपा नेता अमित मालवीय और प्रशांत उमराव समेत कई लोगों ने कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के 10 सेकंड के बयान का वीडियो क्लिप सोशल साइटों पर शेयर किया है। जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि जय श्री राम का नारा लगाने वाले मुनि नहीं, बल्कि रामायण काल के कालनेमि राक्षस है। भाजपा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इस देश में जय श्री राम का नारा लगाकर लोगों को जो लोग गुमराह करते हैं उनसे सावधान रहना चाहिए। दूसरी ओर राशिद अल्वी ने ऐसे किसी भी बयान से इनकार किया है।

राशिद अल्वी का एक और वीडियो मौजूद
यह वीडियो उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है। इसी कार्यक्रम का एक दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया में मौजूद है, जिसमें राशिद अल्वी कह रहे हैं, 'भारत के अंदर रामराज्य आना चाहिए, लेकिन रामराज्य में नफरत की कोई जगह नहीं होती है, रामराज्य में नफरत कैसे हो सकती है।' 'आजकल कुछ लोग जय श्री राम का नारा लगाकर देश के लोगों को गुमराह करते हैं, ऐसे लोगों से होशियार रहना चाहिए। आज जो जय श्री राम बोलते हैं, वे बिना नहाए बोलते हैं।'
श्री राम के बारे में ऐसी बातें बोलना सरासर अनुचित
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि श्री राम के बारे में ऐसी बातें बोलना सरासर अनुचित है। पूरा देश जानता है जो लोग श्रीराम के प्रति आस्था रखते हैं उनकी भावना कैसी है। शर्मा ने कहा कि उनके नाम पर यह राजनीति करना जनता सब समझती है और जवाब देगी। उधर, यूपी बीजेपी अध्यक्ष के स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह लोग तो इसी तरीके की भाषा बोलते ही हैं बिल्कुल ठीक नहीं है। हम विकास के नाम पर चल रहे हैं और ऐसे ही आगे बढ़ेंगे।