द फॉलोअप टीम, मुंबई:
महाराष्ट्र में नई सियासी खिचड़ी पक रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार के आवास पर मंगलवार को बैठक बुलाई गई। इसे राष्ट्र मंच की बैठक का नाम दिया गया है। इसमें तमाम विपक्षी पार्टियां हिस्सा ले रही है। कहा जा रहा है कि शरद पवार तीसरा मोर्चा बनाने की कवायद में जुटे हैं। बता दें कि मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में साल 2018 में यशवंत सिन्हा ने राष्ट्र मंच का गठन किया था। वे अब टीएमसी का हिस्सा हैं।
पत्रकार से लेकर फिल्म निर्माता तक शामिल
मिली जानकारी के मुताबिक एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के आवास पर हो रही राष्ट्र मंच की बैठक में वरिष्ठ वकील केटीएस तुलसी, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी, पूर्व उच्चायुक्त केसी सिंह, फिल्म निर्माता प्रीतीश नंदी, वरिष्ठ वकील कोलिन गोंजाल्वेज और वरिष्ठ पत्रकार करण थापर और आशुतोष जैसे लोग भी शामिल हैं। इस बैठक का मुख्य एजेंडा क्या है फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बैठक के बाद प्रेस वार्ता भी करेंगे शरद पवार
जानकारी के मुताबिक बैठक समाप्त होने के बाद शरद पवार प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। बैठक के लिए पहुंचे सीपीआई नेता बिनॉय विस्वम ने कहा कि ये विफल हो चुकी और नफरत वाली सरकार के खिलाफ सभी धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक वाम ताकतों का एक मंच है। देश को बदलाव की जरूरत है। बैठक में टीएमसी नेता यशवंत सिन्हा, गीतकार जावेद अख्तर, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी और नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला भी हिस्सा ले रहे हैं।
तीसरा मोर्चा के गठन को सुगबुगाहट है
गौरतलब है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की लोकप्रियता में थोड़ी कमी आई है। पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेल औऱ रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही है। इसको लेकर भी जनता के मन में नाराजगी है। अटकलें हैं कि विपक्षी पार्टियां इसे आगामी यूपी औऱ पंजाब विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भुनाएगी।