द फॉलोअप टीम, श्रीनगर:
श्रीनगर के ईदगाह इलाके में स्थित एक सरकारी स्कूल के 2 शिक्षकों की आतंकी हमले में मौत हो गई। घटना गुरुवार की है। आतंकियों ने स्कूल में घुसकर स्कूल की प्रिंसिपल सुखविंदर कौर और शिक्षक दीपक चंद की हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्कूल में प्रिंसिपल के ऑफिस में टीचर्स की मीटिंग चल रही थी। इसी बीच आतंकी स्कूल में घुस आए। कहा जा रहा कि आतंकियों ने मुस्लिम अध्यापकों को अलग किया। इसके बाद दीपक औऱ सुखविंदर को गोली मार दी।
मृत शिक्षक के रिश्तेदार ने क्या कहा
इस घटना के बारे में शिक्षक दीपक चंद के रिश्तेदार का कहना है कि हमें अभी भी धमकी भरे फोन आ रहे हैं। कश्मीर स्वर्ग नहीं है बल्कि नर्क है। हमें बीते 30 सालों से निशाना बनाया जा रहा है। आतंकी हमले को लेकर जम्मू कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि आतंकी जम्मू कश्मीर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वे यहां के मूल्यों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पाक एजेंसियों के इशारे पर ये हमले किये जा रहे हैं।

कश्मीरी पंडितों को बनाया गया निशाना
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से घाटी में लगातार कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाया जा रहा है। बुधवार की शाम को भी श्रीनगर में अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी की घटना हुई थी। हमले में कश्मीरी पंडित और केमिस्ट शॉप चलाने वाले माखनलाल बिंद्रू सहित 3 लोगों की हत्या कर दी गई थी। माखनलाल बिंद्रू के अलावा एक स्ट्रीट वेंडर को भी गोली मार दी गई थी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की घटना की पुष्टि
जम्मू कश्मीर पुलिस ने भी इन घटनाओं की पुष्टि की है। कहा कि गुरुवार को आतंकियों ने स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल और शिक्षक की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आतंकी भाग निकले। इधर श्रीनगर की सड़कों पर लोगों ने आतंकी हमले का विरोध किया। कश्मीरी पंडित अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।