logo

24 अक्टूबर को तेजस्वी की मौजूदगी में राजद दिखायेगा अपनी ताकत, कार्यकर्ताओं में जोश

13982news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

24 अक्टूबर 2021 ये दूसरा मौका होगा जब राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) अपनी पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने झारखंड दौरे पर आएंगे। पलामू प्रमंडल के छतरपुर विधानसभा (Chhatarpur Vidhan Sabha) में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर झारखंड राजद के नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि तेजस्वी के लगातर दौरे से झारखंड में राजद के पुराने दिन वापस आएंगे।

बीते वक्त के साथ कमजोर हुआ राजद
मौजूदा स्थिति यह है कि झारखंड बनने के बाद से ही राजद (RJD)  चुनाव दर चुनाव कमजोर हुआ है. अलग राज्य गठन के समय वर्ष 2000 में  राजद के 11 विधायक थे। राज्य में जब पहला विधानसभा चुनाव 2005 में हुआ, उस वक्त 9 विधायक जीतकर आये। 2009 के चुनाव में 5 विधायक जीते। 2014 के चुनाव में राजद का एक भी विधायक नहीं जीत पाया और 2019 में एक विधायक जीता, जो मौजूदा गठबंधन की सरकार में मंत्री भी हैं। 

पहले जितना ध्यान नहीं देते शीर्ष नेता
झारखंड के अब तक की सफर को देखने पर यह प्रतीत होता है कि राजद कमजोर ही हुआ है। झारखंड राजद के प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार (Spokesperson Dr. Manoj Kumar) कहते हैं कि झारखंड पर पार्टी के बड़े नेता का पहले उतना ध्यान नहीं रहा, जिसके कारण नुकसान हुआ। लेकिन अब वो बात नहीं है। तेजस्वी यादव ने जो वादा झारखंड से किया है, वह निभा रहे हैं। बिहार में हो रहे उपचुनावों में व्यस्तता के बावजूद वह झारखंड के छतरपुर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

पुरानी जमीन तलाशने में जुटी राजद
गौरतलब है कि झारखंड में राजद अपनी पुरानी जमीन तलाशने में जुटा है। ऐसे में तेजस्वी की झारखंड में लगातार मौजूदगी संगठन में जान फूंक रहा है। जिसका सकारात्मक असर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के भीतर देखा जा सकता है।