द फॉलोअप टीम, जयपुर:
जयपुर के चाकसू में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 में बड़ा हादसा हो गया। निमोडिया मोड़ के पास ट्रक और वेन की भिड़ंत हो गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 5 लोग घायल भी हैं। घायलों को सैटेलाइट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनकी मौत हुई है वो सभी वैन में सवार थे। मृतकों में वैन चालक भी शामिल है। सभी मृतक बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र के गौरधनपुरा नयापुरा के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी रीट की परीक्षा देने सीकर जा रहे थे।

बेकाबू ट्रेलर ने मारी टक्कर
घटना के बारे में बताया जा रहा है वैन खुद बेकाबू होकर ट्रेलर में जा घुसी। घटना में 5 लोग घायल हुए हैं। सबका महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। एक की हालत गंभीर है, जिसे जयपुर रेफर किया गया है। 2 घायलों का चाकसू हॉस्पिटल और 2 का महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। मृतकों में विष्णु नागर,तेजराज उर्फ राजेंद्र मेघवाल, सत्यनारायण, वेद प्रकाश, सुरेश, दिलीप मेहता शामिल है।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक प्रकट करते हुए कहा, 'चाकसू में सड़क हादसे में छह रीट अभ्यर्थियों की मृत्यु दुखद है। मैं ईश्वर से सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख एवं घायलों को 50 हजार रूपए मुआवजा दिया जाएगा। मैं सभी अभ्यर्थियों से निवेदन करता हूं कि यात्रा करते हुए सावधानी रखें। तेज गति एवं असावधानीपूर्ण तरीके से वाहन ना चलाएं। यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। कोई भी परीक्षा आपके जीवन से बड़ी नहीं हो सकती है।'