logo

इतना दुस्साहस ! दरोगा के ही घर में घुस चोरों ने उड़ा लिए 12 लाख

6247news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना :
शहर के बिहटा के पैनाल गांव में एक अजीबो-गरीब घटना सामने आयी है, जहां देर रात चोरों ने एक BMP दरोगा के घर से 12 लाख के गहने और नगद रुपए उड़ा लिए। बताया जा रहा है कि चोरी की इस घटना में 10 लाख के गहने और करीब 2 लाख नगद रुपए चोर ले गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और पड़ताल में जुट गयी है। मामले के संबंध में थानाध्यक्ष अवधेश कुमार झा ने बताया कि इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच कर पुलिस कार्रवाई करेगी। यह घटना पुलिस प्रशासन की सुरक्षा पर कड़े सवाल उठाती है। 

रात 12 बजे की वारदात 
देर रात 12 बजे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है, जब घर के लोग खाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। BMP दरोगा उदय शर्मा और उनके भाई बीरेन्द्र शर्मा का पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इसी बीच चोर घर में घुसे। उन्होंने खंती से ट्रंक और गोदरेज का ताला तोड़ डाला। लॉकर में रखे गहने और नगद रुपए बैग में कसकर भाग गए। चोरी के दौरान घर के लोग जग ना जाए इसलिए अज्ञात चोरों ने कमरे के बाहर कुंडी लगा दिया।

बिटिया के शादी के थे गहने 
जानकारी के अनुसार भुक्तभोगी की बेटी की शादी 2 महीने बाद है, और शादी के लिए ही उदय शर्मा ने गहने भी बनवा रखे थे। इस बात की भनक चोरों को लग गई थी। परिजनों को रिश्तेदार या फिर पड़ोसियों पर शक है, क्योंकि गहने बनाने की बात और किसी को पता नहीं थी। परिवार के एक सदस्य सनत कुमार ने बताया कि हमलोगों को कमरे में बंदकर चोरों ने शातिर तरीके से इस घटना को अंजाम दिया है। इसके साथ ही बाहरी लोगों को गहने बनवाने की जानकारी नहीं थी।