logo

किसान ट्रैक्टर रैली में बोले आरपीएन सिंह, जमाखोरी की कानून खुली छूट से बढ़ेगी महंगाई

5431news.jpg
द फॉलोअप टीम, हजारीबाग:
झारखंड प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि कृषि संबंधित नए तीन कानून में से पहले कानून में अनाज भंडारण की सीमा खत्म कर दी गई है, जिससे अब अनाजों-फसलों की जमाखोरी बढ़ेगी। इससे महंगाई बढ़ेगी। पूंजीपति कम मूल्य देकर फसल खरीदेंगे, भंडारण करेंगे और अधिक मूल्य पर बाजार मे बेचेंगे। इससे किसानों को कोई लाभ नहीं होगा। बतौर मुख्य अतिथि आरपीएन शनिवार को गांधी मैदान में तीन कृषि कानून के विरोध में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन सह ट्रैक्टर रैली में बोल रहे थे। आयोजन हजारीबाग जिला कांग्रेस कमिटी ने किया था। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने की।

कृषि कानून से ध्वस्त हो जाएंगी मंडियां: रामेश्वर उरांव 
विशिष्ट अतिथि वित्त मंत्री सह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि दूसरे कृषि कानून से सरकारी मंडियां ध्वस्त हो जाएंगी। अब निजी मंडियां फसलों की कीमतें तय करेंगी। किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) नहीं मिलेगा। कृषि क्षेत्र में रोजगार खत्म हो जाएंगे।



किसानों का विकास नहीं विनाश करेगा कानून: बादल पत्रलेख
अभियान के संयोजक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि कृषि संबंधित तीसरे कानून के लागू होने से किसान अपने ही घर में मजदूर बना दिए जाएंगे। कारपोरेट अपनी शर्तो पर किसानों से कारोबारी समझौता करेंगे। कानूनी दाव-पेचों में किसान फंस जाएगा। तीनों कानून किसानों का विकास नहीं बल्कि विनाश करेगा।



कांग्रेस शुरुआत से किसान समर्थक पार्टी: आलमगीर आलम
राज्य सरकार के मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से किसान समर्थक पार्टी रही है। जब सन 1918 में किसानों पर अंग्रेज सरकार ने लगान बढ़ाया था, तो इसके विरोध में
महात्मार गांधी और सरदार बल्लभ भाई पटेल की अगुवाई में खेड़ा सत्याग्रह किया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर ने ही जय जवान जय किसान का नारा दिया था।



सब्जियों से सजे ट्रैक्टर पर सवार रैली में पहुंची अंबा 
कांग्रेस विधायक कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहीं। वो सब्जियों से सजे ट्रैक्टर पर सवार होकर रैली में पहुंची थी। उनके साथ बड़कागांव से काफी समर्थक भी आए थे। वो लगातार कई दिनों से कार्यक्रम को सफल कराने के प्रयास में लगी हुई थी। 



करीब 20 हजार लोग हुए शामिल 
सम्मेलन में धन्यवाद ज्ञापन राज्य सभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने किया। रैली में सभी विधायक, मंत्री और नेता शामिल हुए। जिसमें सांसद गीता कोड़ा, विधायकों में उमा शंकर अकेला, सुश्री अंबा प्रसाद, ममता देवी, राजेश कच्छप, कुमार जय मंगल उर्फ अनुप सिंह, पूर्णिमा निरज सिंह, विल्सन कोनगाड़ी, दीपीका पाण्डेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, नियल तिर्की, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, इरफान अंसारी, राजेश ठाकुर आदि के नाम शामिल हैं। रैली में करीब 20 हजार लोगों के शिरकत की सूचना है।