द फॉलोअप टीम, धार:
मध्य प्रदेश के धार जिले से एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें लोग भीड़ लगाकर दो साधु को पीट रहे हैं। साधुओं की बेरहमी से पिटाई हो रही है। लोग इन साधुओं को बच्चा चोर कह रहे हैं। घटना 19 जुलाई की है। बताया जा रहा है कि दोनों साधु धार से होते हुए इंदौर जा रहे थे। स्थानीय लोगों को शक हुआ कि वो बच्चा चोर हैं। उसके बाद लोगों ने साधुओं की जमकर पिटाई की और साधुओं को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बच्चे डर कर भागने लगे
पुलिस को साधुओं ने बताया कि वह कार में बैठकर इंदौर जा रहे थे। वह रास्ता भटक गए थे। उनको रास्ते में खेलते हुए कुछ बच्चे दिखे तो उन्होंने बच्चों से रास्ता पूछा। बच्चे साधुओं को देख भागने लगे। बच्चे डर गए थे क्योंकि साधुओं के लंबे-लंबे बाल थे। शरीर पर भभूत था। बच्चों को भागता देख लोगों ने साधुओं को घेर लिया और बच्चा चोर बता कर उनकी पिटाई कर दी। पुलिस जब पहुंची तो उन्हें बचाया। साधुओं को गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने बताया कि एक साधु मध्य प्रदेश का ही है। वहीं दूसरा राजस्थान का। एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि तहकीकात की जा रही है। वीडियो के आधार पर स्थानीय लोगों के खिलाफ धारा 341, 323, 294 और 34 में मामला दर्ज हुआ हैं। आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पहले भी हुई साधुओं की पिटाई
16 अप्रैल 2020 में भी ऐसी ही घटना हुई थी। महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसमें भी हत्या की वजह बच्चा चोरी की बताई गयी थी। दरअसल, साधुओं के हत्या के मामले में पुलिस ने कुल 163 लोगों को पकड़ा था, जिसमें 12 आरोपियों की उम्र 18 साल से कम थी। 16 अप्रैल की रात को हुई वारदात के वीडियो ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था।