logo

60,755 विद्यार्थियों के खातों में अब तक नहीं पहुंची है छात्रवृति, कोषागार से 6 महीने पहले हो गई है निकासी 

13294news.jpg

द फॉलोअप टीम, बोकारो:

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को सरकार की तरफ से छात्रवृत्ति दी जाती है। जिला कल्याण विभाग की लापरवाही के कारण हजारों बच्चों को छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई है। बोकारो में जिला कल्याण विभाग ने मार्च-21 में ही सत्र 2020-21 की राशि निकाल ली है लेकिन बच्चों के खाते में पैसे अब तक नहीं भेजे गए है। सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है इसके बाद भी जिले में 1,560 स्कूलों में कक्षा 1 से 10वीं तक के 60,755 विद्यार्थियों के खातों में स्कॉलरशिप के 7.25 करोड़ रुपए नहीं पहुंचे हैं। 

छात्र परेशान हैं 
छात्रवृति नहीं मिलने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं। अभिभावकों का भी कहना है कि पैसे कब तक मिलेंगे कुछ साफ़ जवाब नहीं मिल रहा। कई विद्यार्थियों ने इसकी मौखिक शिकायत कल्याण विभाग के कार्यालय में की है। जिला कल्याण पदाधिकारी (डीडब्ल्यूओ) रविशंकर मिश्रा ने बताया कि इसकी जानकारी मुझे नही है। इधर डीडीसी जयकिशोर प्रसाद ने कहा कि यह मामला संज्ञान में आया है। विस्तृत जानकारी ली जा रही है कि छात्रवृत्ति राशि बच्चों के खातों में भेजने पर विलंब क्यों हुआ? जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह है प्रोसेस 
स्कूल बच्चों का डाटा डीईओ और डीएसई के कार्यालय में जमा करता है। वह अधिकारी बच्चों की सूची को कल्याण विभाग को भेजते है। विभाग में डाटा का वेरिफिकेशन किया जाता है। उसके बाद बच्चों की संख्या के आधार पर उन्हें मिलने वाली निर्धारित राशि जोड़कर कोषागार से निकासी होती है। वहीं बोकारो में स्थिति यह है कि राशि निकासी के 6 माह बाद भी बच्चों के खातों में छात्रवृत्ति नहीं पहुंची है।