द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य अपने बेटे संजीव आर्य के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली में दोनों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और केसी वेणुगोपाल की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। गौरतलब है कि यशपाल आर्य बीते काफी समय से बीजेपी से नाराज चल रहे थे। रविवार से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा थी।
यशपाल आर्य ने मंत्रीपद से दिया इस्तीफा
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यशपाल आर्यन ने उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि मौजूदा समय में यशपाल आर्य बाजपुर और उनके बेटे संजीव आर्य नैनीताल विधानसभा सीट से विधायक हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यशपाल आर्य ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से ही की थी। साल 1989 में वे खटीमा सितारगंज सीट से विधायक बने थे।
कांग्रेस पार्टी से ही शुरू की थी राजनीति
लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी में रहकर राजनीति करने वाले साल 2017 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बेटे संजीव आर्य के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये थे। बीजेपी ने इसका इनाम भी दिया। यशपाल आर्य को बाजपुर और संजीव आर्य को नैनीताल से टिकट दिया। दोनों ने जीत हासिल भी की। यशपाल आर्य को कैबिनेट मंत्री बनाया गया।
उत्तराखंड चुनाव से पहले बीजेपी को झटका
गौरतलब है कि बीजेपी में यशपाल आर्य का अच्छा कद था। ये बात उनको आवंटित किये गये विभाग से भी समझा जा सकता है। यशपाल आर्य के पास कुल छह विभाग थे। यशपाल आर्य के पास बतौर कैबिनेट मंत्री परिवहन, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, निर्वाचन और आबकारी विभाग था। ये धीरे-धीरे पता चलेगा कि इतना सब छोड़ने के बदले में कांग्रेस पार्टी ने उनको क्या दिया है। हालांकि ये बीजेपी के लिए बड़ा झटका है।