logo

वैक्सीन की किल्लत पर अदार पूनावाला का बयान, कहा- जुलाई तक बनी रहेगी समस्या

8065news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में वैक्सीनेशन अभियान में बड़ी रुकावट आ गयी है। महाराष्ट्र सहित सभी राज्यों में वैक्सीन की भारी कमी है। 1 मई से होने वाला वैक्सीनेशन का तीसरा चरण भी रोक दिया गया। इस बीच सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला का बड़ा बयान सामने आया है। अदार पूनावाला ने कहा कि वैक्सीन की किल्लत की समस्या जुलाई महीने तक बनी रहेगी। इसके बाद ही वैक्सीन के उत्पादन में तेजी आएगी। पूनावाला ने इसकी कुछ वजहें भी बताई हैं। 

सरकार को दूसरी लहर की उम्मीद नहीं थी
अदार पूनावाला ने कहा कि सरकार को उम्मीद नहीं थी कि कोरोना की दूसरी लहर आएगी। जनवरी तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कम होने लगी थी। सबको लगा कि महामारी खत्म हो रही है लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कोरोना की दूसरी लहर ने तबाही मचा दी। अदार पूनावाला ने कहा कि वैक्सीन की किल्लत के लिए वैक्सीन निर्माता कंनपियां जिम्मेदार नहीं है बल्कि ये सरकार की गलती है। अदार पूनावाला ने सरकारों पर लापरवाही का आरोप लगाया। 

निर्माता कंपनियों को नहीं मिला ऑर्डर
अदार पूनावाला ने कहा कि वैक्सीन निर्माता कंपनियों ने कम उत्पादन किया क्योंकि उन्हें सरकार की तरफ से ऑर्डर ही नहीं मिला। अभी महीने में तकरीबन सात करोड़ वैक्सीन बनाई जाती है। अदार पूनावाला का कहना है कि हमने सोचा नहीं था कि हमें 1 साल में 100 करोड़ डोज बनानी होगी। उन्होंने कहा कि ये समस्या फिलहाल बनी रहेगी। जुलाई महीने से ही प्रोडक्शन बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जुलाई से हर महीने 10 करोड़ वैक्सीन का उत्पादन किया जायेगा। 

फिलहाल लंदन में हैं अदार पूनावाला
जानकारी के मुताबिक अदार पूनावाला फिलहाल लंदन में हैं। उन्होंने वहां टाइम्स को दिए इंटरव्यू में चौंकाने वाला बयान दिया था। अदार पूनावाला ने बताया था कि उन्हें जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराने को लेकर भारत के प्रभावशाली लोगों द्वारा धमकी दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि इसलिए मैं अपने बीवी-बच्चों के साथ लंदन चला आया। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अदार पूनावाला को आश्वस्त किया कि उन्हें संभावित खतरे को देखते हुए भारत में वाई श्रेणी की सुरक्षा दी जायेगी।