logo

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक भाजपा चलाएगी सेवा और समर्पण अभियान

12742news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

प्रदेश भाजपा भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 7 अक्टूबर तक सेवा और समर्पण का व्यापक अभियान चलाएगी। इस संबंध में प्रदेश द्वारा गठित विशेष टोली की बैठक आज प्रदेश अध्यक्ष सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, अभियान के प्रदेश प्रभारी बालमुकुंद सहाय, सह प्रभारी सुबोध सिंह गुड्डू सहित विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभारी उपस्थित थे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश सेवा, समाज सेवा के लिये समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच दो और महापुरुषों-पंडित दीनदयाल उपाध्याय और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती भी पड़ती है। कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्पों में दीनदयाल के अंत्योदय एवम महात्मा गांधी की स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प समाहित है। बैठक में सभी प्रभारी उपस्थित थे। संचालन बालमुकुंद सहाय ने और धन्यवाद ज्ञापन सुबोध सिंह गुड्डू ने किया।

मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा होगा: दीपक प्रकाश

प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार अपने पहले दिन से गांव, गरीब, किसान को समर्पित रही है। पहली बार अंत्योदय के सपनों को धरातल पर उतारा जा रहा। गांव, गरीब, किसान तक योजनाओं का  सीधा लाभ पहुँच रहा है। कहा कि समाज का शोषित,वंचित एवम पिछड़ा वर्ग आज अपने हक और अधिकार को संवैधानिक रूप दे प्राप्त कर रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने प्रदेश के कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

मोदी के 20 वर्षों के सफल कार्यकाल पर फोकस

प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने मोदी के 20 वर्षों के सफल कार्यकाल पर चलाये जानेवाले कार्यक्रमो पर विस्तार से प्रकाश डाला एवम विभिन्न कार्यक्रमो के प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सिंह ने कहा कि भाजपा आगामी 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सेवा समर्पण अभियान के तहत  बूथ से लेकर प्रदेश तक विभिन्न प्रकार की गतिविधियां चलाएगी। जिसमें प्रधानमंत्री को आभार पत्र लिखना, नमो एप्प का विस्तार, प्रचार, पर्यावरण संबंधी गतिविधियों में नदी तालाबों की सफाई, प्लास्टिक मुक्त अभियान, पौधरोपण, स्वास्थ्य गतिविधियों में रक्तदान, टीकाकरण, स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सेवा गतिविधियों में गरीबों के बीच भोजन, अनाज,फल का वितरण, दिव्यांगजनों के बीच सहायता उपकरण का वितरण आदि शामिल हैं।
इस अभियान में प्रचार गतिविधियों के तहत प्रदर्शनी,सेमिनार,गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों के साथ 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल की जयंती, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती और आजादी के 75 वर्ष पर आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम को भी बूथों, पार्टी के 513 मंडलों एवम सभी 27 सांगठनिक ज़िलों में मनाया जाएगा।

इनको मिली जिम्‍मेवारियां

अभियान के प्रदेश प्रभारी बालमुकुंद सहाय और सुबोध सिंह गुड्डू बनाए गए। बूथ स्तर गतिविधियों की जिम्‍मेवारी अमित कुमार और स्वप्निल को दी गई। पर्यावरण संबंधी गतिविधियां अमर बाउरी, राज श्रीवास्तव, स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां विरंची नारायण, सुमन कुमार, सेवा गतिविधियां सरोज सिंह, सीमा सिंह, प्रचार गतिविधियां मनीष जायसवाल, प्रतुल शाहदेव, मीडिया गतिविधियां शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप,सोशल मीडिया गतिविधियां राहुल अवस्थी  और विवेक विकास संभालेंगे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के प्रभार किसलय तिवारी, लक्ष्मी कुमारी,र विनाथ किशोर और ललित ओझा बनाए गए तो गांधी जयंती के प्रभार सत्यनारायण सिंह,अजय राय,सुरेश  साव, सरिता पांडेय को दिए गए।