द फॉलोअप टीम, मुंबई:
कोरोना महामारी के बीच जब हर तरफ उदासी और नकारात्मकता का माहौल है। वैसे वक्त में एक सुखद और सकारात्मक खबर आई है। जब कोरोना संक्रमण काल में मेडिकल शॉप और निजी हॉस्पिटल मुनाफाखोरी में लगे हैं तब एक युवक ने कोरोना मरीजों की सहायता के लिए अपनी एसयूवी बेच दी। एसयूवी बेच के मिले पैसों से युवक कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन का इंतजाम करता है।
ऑक्सीजन मैन के नाम से लोकप्रिय हैं शहनवाज
इन दिनों ऑक्सीजन मैन के नाम से लोकप्रिय हो चुके इस युवक का नाम शहनवाज है। शहनवाज मुंबई के मलाड इलाके में रहते हैं। उन्होंने कोरोना मरीजों की सहायता करने के लिए अपनी 22 लाख रुपये की एसयूवी बेच दी। इन पैसों से शहनवाज कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन का इंतजाम करते हैं। शहनवाज के दोस्त अब्बास रिजवी भी इस काम में उनकी मदद करते हैं।
दोस्त की पत्नी की मौत से आहत थे शहनवाज
सवाल है कि उन्हें इतना बड़ा त्याग करने की प्रेरणा कहां से मिली। दरअसल, पिछले साल कोरोना महामारी के शुरुआती चरण में शहनवाज की दोस्त की पत्नी ने ऑक्सीजन की कमी की वजह से ऑटो रिक्शा में दम तोड़ दिया था। इस घटना से शहनवाज काफी आहत हुए। उन्होंने फैसला किया कि वे लोगों की सहायता करेंगे। तब से ही वे इस मुहिम में जुड़ गए। शहनवाज ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
अब तक 4 हजार मरीजों तक पहुंचाया ऑक्सीजन
कोरोना संक्रमित मरीजों की सहायता करने के लिए शहनवाज ने हेल्पलाइन नंबर जारी करने के साथ-साथ वॉर रूम भी बनाया है। शहनवाज के मुताबिक हेल्पलाइन नंबर पर रोजाना तकरीबन 600 फोन आते हैं। उनकी टीम लोगों की हरसंभव सहायता करने का प्रयास करती है। फिलहाल उनके पास 300 के करीब ऑक्सीजन सिलेंडर है। शहनवाज अब तक 4 हजार लोगों की मदद कर चुके हैं।