logo

श्रीराम मंदिर जमीन डील विवाद: शंकराचार्य ने की चंपत राय को ट्रस्ट से हटाने की मांग, मोदी सरकार पर साधा निशाना

श्रीराम मंदिर जमीन डील विवाद: शंकराचार्य ने की चंपत राय को ट्रस्ट से हटाने की मांग, मोदी सरकार पर साधा निशाना
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मदिर निर्माण ट्रस्ट पर जमीन की खरीद मामले में घोटाले के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों और धार्मिक संगठनों का बयान इस पर आ रहा है। इस बीच अब सनातन हिंदू धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरू शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पीएम से कहा है कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को अविलंब हटाया जाये। 

शंकराचार्य ने चंपत राय को गैरजिम्मेदार व्यक्ति कहा
द्विपीठाधीश्वर जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने नरसिंहपुर जिले के झोतेश्र में परमहंसी गंगा आश्रम में प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि चंपत राय गैर जिम्मेदार व्यक्ति हैं। उनको अविलंब मंदिर निर्माण ट्रस्ट के महासचिव पद से हटाया जाये। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। बता देंकि आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रेस वार्ता कर जमीन खरीद के नाम पर घोटाला के संगीन आरोप लगाए थे। 

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ट्रस्ट में भ्रष्टाचारी हैं! 
शंकराचार्य ने कहा रकि सरकार ने मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमिक मंदिर निर्माण ट्रस्ट बनाया। ट्रस्ट में भ्रष्टाचारियों को शामिल कर लिया। चंपत राय कौन थे। उनको पहले कोई नहीं जानता था। उनको अचानक से राम मंदिर ट्रस्ट का सर्वेसर्वा बना दिया गया। शंकराचार्य ने केंद्र में बैठी सरकार का नाम लिए बिना देश में गोहत्या बंद ना कराने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब संसद में इनकी संख्या केवल 2 थी तब गोहत्या पर प्रतिबंध के लिए आवाज बुलंद किया और अब जब संसद में इनकी संख्या बहुमत में है तो गोहत्या बंदी का नारा भूल गये। 

शुभ मुहूर्त में नहीं किया गया राम मंदिर का शिलान्यास!
शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने राम मंदिर के शिलान्यास की टाइमिंग पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण शिलान्यास में शुभ मुहूर्त का ध्यान नहीं रखा गया। इसका विरोध में किया गया लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब यहां न्यासियों की बुद्धि खराब हो रही है। शंकराचार्य ने चंपत राय के इस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि हम पर तो महात्मा गांधी की हत्या का आरोप लग चुका है। हम आरोपों की परवाह नहीं करते।