logo

सिख फॉर जस्टिस ने संसद भवन में खालिस्तानी झंडा फहराने की धमकी दी, खुफिया एजेंसियां सतर्क

सिख फॉर जस्टिस ने संसद भवन में खालिस्तानी झंडा फहराने की धमकी दी, खुफिया एजेंसियां सतर्क

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली पुलिस सहित अन्य  एजेंसियों को  खुफिया एजेंसियों  द्वारा सतर्क रहने को कहा गया है।  दरअसल, सिख फॉर जस्टिस नाम के संगठन ने एक ऑनलाइन वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में किसानों से संसद का घेराव करने और वहां खालिस्तानी झंडा फहराने की अपील की गई है। वैसे संयुक्त किसान मोर्चा आज संसद तक मार्च निकालने वाला था लेकिन फिलहाल इसे 4 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है।  

आज से शीतकालीन सत्र का आगाज
गौरतलब है कि आज से संसद से शीतकालीन सत्र का आगाज होने जा रहा है। केंद्र सरकार आज द फार्म लॉ रिपील बिल लाने जा रही है।  गौरतलब है कि प्रधानमंत्री पहले ही तीन कृषि बिल को वापस लेने का ऐलान कर चुके हैं। कृषि मंत्री कह चुके हैं कि  किसानों की कृषि बिल वापस लेने की मांग मानी जा चुकी है। अब उनको वापस लौट जाना चाहिए। हालांकि, किसान संगठनों का कहना है कि जब तक एमएसपी पर कोई ठोस गारंटी वाला कानून नहीं बनता, आंदोलन के दौरान मृत किसानों के आश्रितों को मुआवजा नहीं मिलता, दर्ज मुकदमें वापस नहीं होते, तब तक किसान आंदोलन का रास्ता नहीं छोड़ेंगे। 

सिख फॉर जस्टिस के वीडियो पर अलर्ट
अब सिख फॉर जस्टिस द्वारा जारी वीडियो इस विश्वास को पुख्ता करने का काम करेगा कि किसान आंदोलन की आड़ में खालिस्तानी एजेंडा साधा जा रहा है। पहले भी कई बार किसान आंदोलन पर खालिस्तानी  एजेंडे से प्रभावित होने का आरोप लग चुका है। पिछले साल किसान आंदोलन के दौरान 26 जनवरी को जब ट्रैक्टर रैली निकाली गई थी तो खूब हंगामा हुआ था। निहंग सिख लाल किले पर चढ़ गये थे। कथित तौर पर खालिस्तानी  झंडा भी फहराया गया था।