द फॉलोअप टीम, तिरुवनंतपुरम:
केरल में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक केरल के कोट्टायम जिले में 13 और इडुक्की में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने ये जानकारी दी। चिंता की बात ये है कि अभी भी राज्य के कई इलाकों में बारिश जारी है।
कई जिलों में तेज हवा और बारिश जारी
राज्य के सूचना एवं जनंसंपर्क विभाग ने बताया कि राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और हवा का दौर जारी है। कोट्टायम जिले के मुंडकायम और कुट्टिकल इलाके में तेज हवा के साथ जारी भारी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में भूस्खलन की घटना हुई है। रिहायशी इलाकों में जलजमाव हो गया है। पानी लोगों के घरों में घुस गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। एनडीआरएफ, सेना और वायु सेना राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। यातायात अवरूद्ध हो गया है।
कोट्टायम जिले में जानमाल की भारी हानि
मिली जानकारी के मुताबिक केरल के कोट्टायम जिले के कूट्टिकल इलाके में भूस्खलन की वजह से विनाश हुआ है। इलाके में जान-माल की काफी ज्यादा हानि हुई है। राहत और बचाव कार्य जारी है। वायु सेना हेलिकॉप्टरों के जरिए लोगों तक राहत सामग्री पहुंचा रही है। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि वो केरल के हालात पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी कहा कि वे लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।
रात में बारिश होने से बढ़ेगी परेशानी
कोट्टायम जिले की जिला कलेक्टर पीके जयश्री ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। यदि रात में तेज बारिश होती है तो परेशानी बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि कुल 12 लोगों का शव बरामद किया गया है। शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति का भी शव मिला है, जिसके शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।