logo

भोलेनाथ ने किया था जहां विश्राम..खास है वो जटोली मंदिर! दीवारों को थपथपाने से आती है डमरू की आवाज

भोलेनाथ ने किया था जहां विश्राम..खास है वो जटोली मंदिर! दीवारों को थपथपाने से आती है डमरू की आवाज

द फॉलोअप टीम, शिमला:

हमारे देश में रहस्‍यमयी मंदिरों की कमी नहीं है। आज हम ऐसे मंदिर की बात करेंगे जो 39 सालों में बनकर तैयार हुआ है।  इस मंदिर के पत्थर को थपथपाने पर उससे डमरू की आवाज निकलती है। यही नहीं मान्‍यता है कि भोलेबाबा स्‍वयं इस स्‍थान पर आए थे। तो चलिए मंदिर के बारे में विस्तार से जानते हैं  हम बात कर रहे है हिमाचल प्रदेश के सोलन में स्थित है जटोली शिव मंदिर की। यह मंदिर भगवान शिव के कुछ सबसे ऊँचे मंदिरों में से एक है।

मंदिर की विशेषता 
मंदिर के बारे में मान्यता है कि भगवान शिव ने यहां विश्राम किया था। कहा जाता है कि भगवान शिव अपनी यात्रा के दौरान इस स्थान पर आए थे और यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता से मोहित होकर कुछ दिन रुके भी थे। इस मंदिर को महत्व दिलाने का श्रेय स्वामी कृष्णानन्द परमहंस को जाता है। 1950 के दशक में स्वामी कृष्णानन्द यहां आए थे। उस समय लोग पानी की भीषण कमी से जूझ रहे थे। इस संकट को दूर करने के लिए स्वामी कृष्णानन्द ने भगवान शिव की घोर तपस्या की और अपने त्रिशूल से प्रहार कर जमीन से पानी बाहर निकाला। तब से जटोली के लोगों को कभी पानी की कमी नहीं हुई। 

1974 में निर्माण शुरू हुआ 
स्वामी कृष्णानन्द ने ही जटोली मंदिर की नींव रखी। 1974 में मंदिर का निर्माण शुरू हुआ था।  1983 में स्वामी कृष्णानन्द ने समाधि ले ली, लेकिन मंदिर का निर्माण नहीं रूका। देश-दुनिया के कोने-कोने से लोगों ने इस अनूठे मंदिर के निर्माण के लिए दान दिया। मंदिर के निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च हुए। मंदिर के कोने में ही स्वामी कृष्णानन्द की एक गुफा है। इस गुफा में भी एक शिवलिंग है। मंदिर की ऊँचाई लगभग 111 फुट है। हाल ही में इस मंदिर में 11 फुट का एक स्वर्ण कलश चढ़ाया गया।

 

स्फटिक मणि से बना शिवलिंग बढ़ाता है शोभा
अब मंदिर की ऊँचाई 122 फुट हो गई है। यह उत्तर भारत का सबसे ऊंचा और एशिया के ऊंचे शिव मंदिर में से एक है। मंदिर के चारों तरफ विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां  स्थापित हैं। गर्भगृह में स्फटिक मणि से बना शिवलिंग स्थापित है। मंदिर की विशेषता है, यहां के पत्थर। इन पत्थरों को छूने या थपथपाने से डमरू की आवाज आती है। भले ही इस मंदिर का निर्माण आज से कुछ 45-50 साल पहले ही हुआ हो, लेकिन इस स्थान का महत्व पौराणिक है और स्वामी कृष्णानन्द परमहंस ने इसी महत्व को देखते हुए भगवान शिव की तपस्या के लिए इस स्थान को चुना।

क्या साधन है सोलन पहुंचे के 
सोलन का नजदीकी एयरपोर्ट शिमला में है, जो यहां से लगभग 45 किमी की दूरी पर है। हालांकि सोलन का नजदीकी प्रमुख हवाई अड्डा चंडीगढ़ भी है। रेलमार्ग से सोलन तक पहुंचने के साधन फिलहाल सीमित हैं। सोलन विश्व प्रसिद्ध कालका-शिमला नैरो गेज लाइन पर स्थित है। कालका जंक्शन के माध्यम से सोलन, दिल्ली, देहरादून, कोलकाता और अन्य शहरों से जुड़ा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग 22 प्रमुख सड़क मार्ग है, जो सोलन से होकर गुजरता है। यह एक डिफेंस रोड है जो दिल्ली, अंबाला, चंडीगढ़ और देहरादून को चीन की सीमा से जोड़ती है। शिमला से सोलन की सड़क मार्ग से दूरी लगभग 48 किमी और चंडीगढ़ से लगभग 68 किमी है।