द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
राजधानी दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने की। बैठक में पार्टी मुख्यालयों के सचिव, राज्य प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों ने शिरकत की। दिल्ली स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने, आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में जोश भरने औऱ पार्टी के विचारों को लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।

बीजेपी और आरएसएस के विचार से लड़ना होगा!
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि हमें वैचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के शैतानी अभियानों के खिलाफ लड़ना चाहिए। सोनिया गांधी ने कहा कि हमें दृढ़ विश्वास के साथ ऐसा करना चाहिए। यदि हमें ये लड़ाई जीतनी है तो लोगों के सामने उनके झूठ का पर्दाफाश करना होगा। उन्होंने मुख्यालय सचिव, राज्य प्रभारी औऱ प्रदेश अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन में जान फूंकने के लिए जोर-शोर से लगना होगा। लोगों तक पहुंचना होगा।
व्यक्तिगत महात्वाकांक्षा को परे रखना ही होगा
सोनिया गांधी ने कहा कि पार्टी में अनुशासन और एकता सर्वोपरि है। सभी नेता और कार्यकर्ता ये सुनिश्चित करें कि पार्टी मे पर्याप्त अनुशासन हो। प्रत्येक व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत उपलब्धियों से बड़ा संगठन की मजबूती होना चाहिए। हमें व्यक्तिगत महात्वाकांक्षाओं की तिलांजली देनी होगी। गौरतलब है कि बीते काफी समय से कांग्रेस पार्टी आंतरिक कलह से जूझ रही है। तमाम बड़े नेता पार्टी आलाकमान के फैसलों के खिलाफ जा रहे हैं। इसकी पराकाष्ठा ये है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिर गई।

आंतरिक कलह से जूझ रही है कांग्रेस पार्टी
गौरतलब है कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी का आंतरिक कलह जगजाहिर है। बीते 2 दशक से कांग्रेस पार्टी का हिस्सा रहे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं औऱ अलग पार्टी बनाने का ऐलान कर चुके हैं। वहां चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया गया जिनका तालमेल प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ नहीं बैठ रहा है। नवजोत सिंह सिद्धू ने भी कुछ समय पहले इस्तीफा दे दिया था। झारखंड में भी शीर्ष आलाकमान को बड़ा फेरबदल करना पड़ा। बिहार में महागठबंधन टूट चुका है।
छत्तीसगढ़ में पार्टी नेताओं के बीच जारी है विवाद
छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच सत्ता की खींचतान जारी है। कुछ महीने पहले दोनों नेता अलग-अलग कई बार दिल्ली दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। टीएस सिंहदेव प्रदेश में ढाई-ढाई साल का मुख्यमंत्री वाला फॉर्मूला चाहते हैं लेकिन भूपेश बघेल सत्ता का बलिदान नहीं करना चाहते। ऐसे में दूसरी बड़ी पार्टियों को मौका मिल जाता है।