logo

नहीं रहे सोनिया गांधी के अहम सिपहसालार अहमद पटेल, कोरोना से हुई मौत

2789news.jpg
द फाॅलोअप टीम, नई दिल्ली 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सोनिया गांधी अहम सिपहसालार अहमद पटेल का कोरोना के कारण निधन हो गया है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार सुबह 3 बजकर 30 मिनट पर निधन हुआ। इस बात की जानकारी उनके बेटे फैजल पटेल ने अपने वेरिफाइड अकाउंट से ट्वीट कर दी है। अहमद पटेल (71) को तकरीबन एक महीने पहले कोरोना हुआ था। इसके बाद उनका स्वास्थ्य काफी बिगड़ गया था। इस दौरान अहमद पटेल के कई अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया था।

अहम के बेटे फैजल ने दी जानकारी 
फैजल पटेल लिखते हैं, मैं सभी शुभचिंतकों से आग्रह करता हूं कि वे कोरोना गाइडलाइंस का विशेष रूप से पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग का खास ख्याल रखें। उन्होंने यह भी लिखा कि मेरे पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका निधन हो चुका है। 

कोरोना से सवंमित थे अहमद पटेल 
अहमद पटेल की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अहमद पटेल को अक्टूबर के पहले हफ्ते में कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 18 नवंबर को उनकी बेटी ने इस बात की जानकारी दी थी कि उनके पिता की हालत में कुछ सुधार हुआ है।
खुद ट्वीट करके दी थी कोरोना संक्रमण की जानकारी
अहमद पटेल ने 1 अक्टूबर को खुद ट्वीट करके कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट किया था, मैं कोरोना संक्रमित पाया गया हूं। जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं मैं उन सभी से आग्रह करता हूं कि वे खुद को आइसोलेट कर लें।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे अहमद पटेल 
अहमद पटेल उच्च सदन राज्यसभा के सदस्य और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। यह 2001 से कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे। 2004 और 2009 में हुए स्थानीय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का श्रेय भी काफी हद तक इन्हें ही दिया जाता है।

अहमद पटेल का निजी जीवन
अहमद पटेल की शादी 1976 में मेमूना अहमद से हुई थी। इन दोनों के दो संतानों में एक बेटा और एक बेटी है। ये मीडिया के सामने बहुत ही कम आते थे। इन्हें गांधी-नेहरू परिवार के काफी करीब का माना जाता था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का देहांत 25 नवम्बर 2020, बुधवार सुबह 3 बजकर 30 मिनट पर हो गया। 

अहमद पटेल का राजनीतिक जीवन
पटेल ने अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत नगरपालिका के चुनाव से की थी, जिसके बाद आगे पंचायत के सभापति भी बन गए। बाद में इन्होंने कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया और उसके बाद राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष बन गए। इन्दिरा गांधी के आपातकाल के बाद 1977 में आम चुनाव हुए थे, जिसमें इन्दिरा गांधी की हार हुई थी। इसी चुनाव में इनकी जीत हुई और पहली बार लोकसभा पहुंचे थे। पटेल तीन बार लोकसभा सांसद (1977, 1980,1984) और पांच बार राज्यसभा सांसद (1993,1999, 2005, 2011, 2017 वर्तमान) रहे हैं।