logo

पहलवान सुशील कुमार गिरफ्तार, ओलंपियन से हत्यारोपी तक! जानिए क्या है ये पूरा मामला

पहलवान सुशील कुमार गिरफ्तार, ओलंपियन से हत्यारोपी तक! जानिए क्या है ये पूरा मामला
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल सेल ने पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया। सुशील कुमार पर 23 वर्षीय पहलवान सागर सिंह राणा की हत्या का आरोप है। सुशील कुमार के ऊपर अपहरण, हत्या, गैर इरादतन हत्या सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार
मिली जानकारी के मुताबिक एसीपी अत्तर सिंह की निगरानी सहित इंस्पेक्टर शिवकुमार और इंस्पेक्टर करमबीर सिंह की अगुवाई वाली दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने सुशील कुमार को गिरफ्तार किया। सुशील कुमार के साथ उनके साथी पहलवान अजय कुमार को भी गिरफ्तार किया है। सुशील कुमार पर दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम रखा था वहीं अजय कुमार पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।ष दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार के खिलाफ शोकॉज नोटिस भी जारी किया था। 

सुशील कुमार पर सागर राणा की हत्या का आरोप
गौरतलब है कि सुशील कुमार पर आरोप है कि वो और उनके साथियों ने मिलकर पहले 23 वर्षीय नेशनल चैंपियन पहलवान सागर राणा और उनके साथियों को उनके फ्लैट से किडनैप किया। उन सबको दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम लाया गया जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस पिटाई में सभी पहलवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। यहीं इलाज के दौरान सागर राणा की मौत हो गई। इस घटना के बाद से सुशील कुमार फरार चल रहे थे। आखिरी बार उनकी लोकेशन पंजाब में मिली थी। 

फ्लैट के किराए को लेकर शुरू हुआ था पूरा विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पूरे विवाद की वजह से दिल्ली में एक फ्लैट और उसका किराया था। दरअसल, सागर राणा जिस फ्लैट में रहते थे वो फ्लैट सुशील कुमार की पत्नी का था। कुछ दिनों पहले ही सागर राणा ने वो फ्लैट छोड़ दिया था। कहा जा रहा है कि कथित तौर पर उन्होंने फ्लैट का 2 महीने का किराया नहीं था। इस बात को लेकर सुशील कुमार और सागर राणा के बीच विवाद था। कहा तो ये भी जा रहा है कि सागर राणा ने छत्रसाल अखाड़े में कहा था कि सुशील कुमार बदमाश किस्म के हैं। इस बात को सुशील कुमार चिढ़े थे और सागर राणा पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया था। यही विवाद आगे जाकर हत्या तक पहुंच गयी। 

2 बार के ओलंपिक पदक विजेता हैं सुशील कुमार
जानने वाली बात ये है कि सुशील कुमार 2 बार के ओलंपिक पदक विजेता हैं। सुशील कुमार ने 2008 ओलंपिक में कांस्य तो वहीं 2012 ओलंपिक में रजत पदक जीता था। सुशील कुमार तीन बार राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भी हैं। उनको पद्मश्री, अर्जुन अवॉर्ड और खेल के क्षेत्र में दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सुशील कुमार स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हैं। यही नहीं, सुशील कुमार छत्रसाल स्टेडियम के डिप्टी डायरेक्टर भी हैं। कई पूर्व खिलाड़ियों की कहना है कि सुशील कुमार प्रकरण से इस खेल की छवि को नुकसान पंहुचा है। लाखों युवाओं के सपनों को तगड़ा आघात लगा है।