द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कर्नाटक में राजनीतिक हलचल तेज है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इन अटकलों को बल इसलिए भी मिल रहा है क्योंकि बीएस येदियुरप्पा दिल्ली प्रवास पर हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। येदियुरप्पा ने इससे संबंधित तस्वीरें भी सोशल मीडिया में साझा की।
बीएस येदियुरप्पा ने पीएम मोदी से की मुलाकात
बीएस येदियुरप्पा ने पीएम से मुलाकात को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रदेश में विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर उनसे सार्थक चर्चा की। जेपी नड्डा से मुलाकात को लेकर बीएस येदियुरप्पा ने लिखा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से आज नई दिल्ली में मुलाकात की। 2023 के विधानसभा चुनाव में कर्नाटक में पार्टी की संभावनाओं को और मजबूत करने सहित विभिन्न मसलों पर चर्चा हुई। रक्षामंत्री से मुलाकात को लेकर बीएय येदियुरप्पा ने लिखा कि नई दिल्ली में राजनाथ सिंह जी से मुलाकात कर खुशी हुई। हमने कर्नाटक में स्वदेशी एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र सहित विभिन्न मुद्दों पर बात की।
अगस्त के पहले सप्ताह में इस्तीफा दे सकते हैं येदियुरप्पा
दिल्ली सहित कर्नाटक के सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा है कि येदियुरप्पा 26 जुलाई को अपनी सरकार के 2 साल पूरे होने के बाद अगस्त के पहले सप्ताह में इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, इससे पहले अगस्त में उनके दिल्ली जाने की चर्चा है। उस दौरान भी मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पीएम मोदी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस्तीफे की खबरों के बीच येदियुरप्पा ने कहा कि वे पीएम मोदी का प्रत्येक निर्देश मानने को तैयार हैं। बताया जा रहा है कि येदियुरप्पा ने पार्टी के सामने मांग रखी है कि उनके बेटों को केंद्रीय स्तर पर सम्मानजनक पद मिले। अटकले हैं कि यदि पार्टी आलाकमान येदियुरप्पा की शर्तें मान लेती है तो वे इस्तीफा देने पर राजी हो सकते हैं।
इन शर्तों पर इस्तीफा देने पर राजी हो सकते हैं येदियुरप्पा
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में कर्नाटक की सांसद शोभा करंदलाजे को भी जगह दी गई है। बताया जा रहा है कि कर्नाटक में ये बदलाव की शुरुआत के तहत किया गया है। शोभा को येदियुरप्पा के सबसे भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगियों में से एक माना जाता है। कहा जा रहा है कि बीजेपी ने कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री की तलाश तेज कर दी है।