logo

कांग्रेस MLA अंबा प्रसाद बोलीं, विधायकों को खरीदने का मामला टीवी सीरियल की स्क्रिप्ट जैसा लगता है!  

कांग्रेस MLA अंबा प्रसाद बोलीं, विधायकों को खरीदने का मामला टीवी सीरियल की स्क्रिप्ट जैसा लगता है!  

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखण्ड में विधायकों के खरीद-फरोख्त के मामले को लेकर सियासी भूचाल आया है। रांची पुलिस ने जबसे सरकार गिराने की साजिश मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके बाद से हर दिन इस मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। अबतक यही बात सामने आई है कि एक निर्दलीय सहित कांग्रेस के दो विधायक एक करोड़ रुपये एडवांस के साथ तैयार हो गए थे और यह डील कांग्रेस के 11 विधायकों के साथ होनी थी। अब जबसे कांग्रेस के 11 विधायकों का नाम आया है, कांग्रेस के अलग-अलग विधायकों की प्रतिक्रिया आ रही है। बड़कागांव से कांग्रेस की विधायक अम्बा प्रसाद ने तो इस पूरे मामले को झूठा बताते हुए कहा कि मामला टीवी सीरियल की स्क्रिप्ट जैसा लगता है।


 

स्क्रिप्ट में सास, बहू, पति, ससुर सब शामिल

अम्बा प्रसाद ने एक अख़बार को दिए अपने बयान में कहा है कि मामला टीवी सीरियल के जैसा बना हुआ है। इसकी पूरी पटकथा लिखकर सिर्फ पात्रों को इसमें फ़ीट किया गया है। सास, बहू, पति, ससुर के रूप में सब अलग-अलग किरदार निभा रहे हैं। एक मनगढ़ंत कहानी को वास्तविक बनाकर पेश किया जा रहा है। अम्बा प्रसाद का कहना है कि यह मामला ऐसे आगे बढ़ रहा है जैसे कोई एजेंसी पूरी स्क्रिप्टेड कहानी लेकर उसे उतार रही हो।


 

दो-तीन विधायकों के कहीं चले जाने सभी यह सरकार नहीं गिरेगी - ममता देवी 

इधर रामगढ़ से कांग्रेस की विधायक ममता देवी ने एक अख़बार को बयान देते हुए कहा है कि दो-तीन विधायकों के कहीं चले जाने से भी यह सरकार नहीं गिरेगी। कहा है कि इतने दिनों में उनसे किसी ने भी सरकार गिराने को लेकर कोई संपर्क नहीं किया है. एक पूरी सोची समझी साजिश है, जिसमें विधायकों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। कुछ विधायकों को सरकार की कार्यप्रणाली से परेशानी और शिकायत थी। जिसको लेकर लेकर पार्टी फोरम पर पूरा मामला उठाया गया था। अब उसी मामले को इसमें जोड़ा जा रहा है। ममता देवी ने कहा है कि इस मामले में भाजपा नेताओं का साफ़ हाथ दिख रहा है, इसलिए मामले की जाँच होनी चाहिए। 


 

22 जुलाई को पुलिस ने 3 लोगों को किया था गिरफ्तार 

आपको बता दें कि 22 जुलाई को रांची के कोतवाली थाना की पुलिस ने बेरमो विधायक जयमंगल की शिकायत पर होटल ली लैक में छापेमारी की थी और 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया था कि ये लोग सरकार को अस्थिर करने की साजिश रच रहे थे। कुछ और लोग होटल में ठहरे हुए थे जो वहां से फरार हो गए। गिरफ्तार अभिषेक दुबे ने अपने इकबालिया बयान में यह कबूला था कि झारखण्ड कांग्रेस के दो विधायक और एक निर्दलीय विधायक दिल्ली गए थे और बीजेपी के बड़े नेताओं से मुलाकात की थी। एक होटल में विधायकों से मुलाकात के दौरान एक करोड़ रुपये एडवांस की डील भी हो चुकी थी। लेकिन पैसा नहीं मिलने के कारण नाराज होकर वह लौट आये थे।