द फॉलोअप टीम, मुंबई:
खुद को राजनेता का रिश्तेदार, सुप्रीम कोर्ट का जज, मंत्रालयों का बड़ा अधिकारी बताकर अमीरों को ठगने वाला सुकेश चंद्रशेखर का नाम फिर से सुर्खियों में है। सुकेश के बारे में बॉलिवुड ऐक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने कई जानकारी ED से साझा की। दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को जैकलीन से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की थी। पूछताछ 200 करोड़ रुपये की धोखधड़ी के आरोपी सुकेश चंद्रशेखर से संबंधित थी। दरअसल इस केस में जैकलीन खुद सुकेश की धोखधड़ी की शिकार हैं। सुकेश तिहाड़ जेल से जैकलीन को फोन करता था। वह अपनी असल पहचान छुपाकर किसी बड़े पर्सनैलिटी के नाम से जैकलीन को कॉल किया करता था। जैकलीन उस पर भरोसा करने लगी तो सुकेश उन्हें महंगे फूल, चॉकलेट और गिफ्ट भेजा करता था। ईडी के पास सुकेश के कॉल रिकॉर्ड्स हैं। इसके आधार पर ही पता चला कि सुकेश ने जैकलीन को अपनी जाल में फंसा लिया है।

सुकेश के घर छापा
बता दें कि ईडी ने पिछले हफ्ते सुकेश के चेन्नई के बंगले पर छापेमारी की थी। वहां से 82 लाख रुपये कैश और एक दर्जन से ज्यादा कारें मिली थीं। सूत्रों के मुताबिक सुकेश चंद्रशेखर ने एक और मशहूर फीमेल सिलेब्रिटी को धोखा दिया था। हालांकि निजता और सुरक्षा का ध्यान देते हुए एजेंसी ने इस बारे में और कुछ खुलासा नहीं किया। सुकेश चंद्रशेखर पर तिहाड़ जेल से ही 200 करोड़ रुपये का वसूली रैकेट चलाने के आरोप हैं।

कौन है सुकेश चंद्रशेखर
बेंगलुरु के रहने वाले चंद्रशेखर ने कथित रूप से महज 17 साल की उम्र से ही लोगों को ठगना शुरू कर दिया था। उसने काले कारनामों की शुरुआत बेंगलुरु से की और कुछ ही समय में चेन्नई पहुंच गया। इसके बाद उसने बड़े शहरों में कई अमीर लोगों को ठगा। चंद्रशेखर को बालाजी के नाम से भी जाना जाता है। उसने नौकरी दिलाने के नाम कई लोगों से रुपये ऐंठे। खुद के राजनेता का रिश्तेदार बताकर उसने 100 से ज्यादा लोगों से करोड़ो रुपये की धोखाधड़ी की है।