logo

पहलवान सागर राणा हत्याकांड: 4 दिन तक बढ़ाई गई ओलंपियन सुशील कुमार की पुलिस हिरासत

पहलवान सागर राणा हत्याकांड: 4 दिन तक बढ़ाई गई ओलंपियन सुशील कुमार की पुलिस हिरासत
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही है। दिल्ली की एक अदालत ने सुशील कुमार की पुलिस हिरासत को और 4 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। सुशील कुमार पर दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में एक 23 वर्षीय पहलवान की हत्या का आरोप है। वे फिलहाल दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए और वक्त मांगा था जिसे अदालत ने मंजूर किया। 

सुशील कुमार से होगी पूछताछ
मिली जानकारी के मुताबिक इससे पहले सुशील कुमार को छह दिनों के लिए पुलिस रिमांड में भेजा गया था। सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस ने मुंडका से उस वक्त गिरफ्तार किया था जब वो अपनी महिला मित्र की स्कूटी से किसी के पास पैसे लेने जा रहे थे। दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार के खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी किया था। सुशील कुमार पर 1 लाख रुपये का इनाम भी रखा गया था। 

फ्लैट किराया को लेकर हुआ था विवाद
अब तक की पुलिसिया जांच में ये बात सामने आई है कि ओलंपियन सुशील कुमार और युवा पहलवान सागर सिंह राणा के बीच फ्लैट के किराए को लेकर विवाद था। घटना वाले दिन इसी बात को लेकर सुशील और सागर राणा के बीच विवाद हुआ था। ये कहा जा रहा है कि पहले दिल्ली के किसी इलाके में सागर राणा ने सुशील कुमार का कॉलर पकड़ लिया था। इसी का बदला लेने के लिए सुशील और उनके साथियों ने सागर राणा और उसके साथियों को किडनैप किया। उन सबको छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। वहीं सुशील कुमार और उसके साथियों ने सागर राणा के साथ मारपीट की। 

दिल्ली से गिरफ्तार हुए थे सुशील
घटना में सागर राणा को गंभीर चोट आई थी। उसके अन्य साथी भी जख्मी हुए थे। इन सबको अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान सागर राणा की मौत हो गई। घटना के बाद से ही सुशील कुमार फरार थे। पहले उनका लोकेशन हरिद्वार के किसी आश्रम का था और बाद में वो पंजाब और हरियाणा में अपने ठिकाने बदलते रहे। आखिरकार दिल्ली से सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।