logo

मुखिया के देवर की फंदे से लटकी मिली संदिग्‍ध लाश, हत्या का आरोप लगाते किया ढाई घंटे रोड जाम

4065news.jpg
द फ़ॉलोअप टीम, गिरिडीह: 
मधुबन थाना क्षेत्र स्थित सिनीडीह पंचायत की मुखिया सुमन देवी के देवर की घर से बुधवार की रात फांसी के फंदे से लटकी लाश बरामद की गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई। युवक 14 दिन पहले ही पिता बना था। इधर, परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगा गुरुवार को थाना का घेराव किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर करीब ढाई घंटे तक कतरास-नावागढ़ रोड को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची DSP निशा मुर्मू के जांच के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया।

परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप 
मृतक के परिजनों ने थाना में धर्मेंद्र चौहान, जितेंद्र चौहान, कुलाल चौहान समेत 8-9 लोगों पर हत्या का आरोप लगा लिखित शिकायत की है। मृतक दुलार चंद चौहान अपने बड़े भाई के साथ ही रहता था। पिछले 15 दिनों से वो अपने चाचा उदित कुमार चौहान के घर पर रह रहा था। उसके चाचा फिलहाल गांव गए हुए हैं। बुआ जमित्री देवी रोजाना दुलार को खाना देने घर पर आती थी।

बुआ ने पहचान लिया आरोपी को 
मृतक के बड़े भाई विद्या सागर चौहान के अनुसार, बुधवार की रात जब उनकी  बुआ खाना देने के लिए घर पर पहुंची तो देखा छत के रास्ते 8-9 लोग भाग रहे थे। बुआ धर्मेंद्र चौहान, जितेंद्र चौहान और कुलाल चौहान को पहचान गई। इसके बाद बुआ ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटे और छत के ऊपर से कमरे में घुस अंदर से दरवाजा खोला। कमरे के अंदर दुलार फांसी के फंदे से लटक रहा था।