logo

ठंड से परेशान हैं चीनी सैनिक, LAC में पूर्वी लद्दाख के उस पार लगातार हो रही है अदला-बदली

ठंड से परेशान हैं चीनी सैनिक, LAC में पूर्वी लद्दाख के उस पार लगातार हो रही है अदला-बदली
द फॉलोअप टीम, श्रीनगर: 
भारत और चीन के बीच पूर्वी सीमा पर वास्तविक निंयत्रण रेखा के कई इलाकों में गतिरोध जारी है। गौरतलब है कि भारत और चीन के बीच मई 2020 से ही तनाव जारी है। इसमें 15 जून 2020 को गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प भी शामिल है। इस बीच रिपोर्ट्स आई है कि वास्तविक नियंत्रण रेखा पर लद्दाख सेक्टर के उस पार चीन की सेना काफी मुश्किल में है। 

ठंड और गिरते तापमान से परेशान सैनिक
कहा जा रहा है कि कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान की वजह से चीन की सेना बेहद परेशान है। चीन ने यहां अपने 90 फीसदी सैनिकों की अदला-बदली की है। हाल ही में चीन ने लद्दाख सेक्टर के उस पार से पुराने सैनिकों को वापस बुलाकर नई खेप भेजी है। बता दें कि चीन और भारत के बीच जारी सीमा विवाद के बीच दोनों देशों के बीच 11 दौर की सैन्य वार्ता हो चुकी है लेकिन उसका नतीजा नहीं निकला। 

चीन ने पूर्वी सीमा में तैनात किया है सैनिक
मिली जानकारी के मुताबिक बीते साल मई महीने से लेकर अब तक चीन ने पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर अपने 50 हजार सैनिकों को तैनात किया है। हैरानी की बात है कि सीमा पर समझौते के बाद भी चीनी सैनिकों की मौजदूगी वहां बरकरार है। इस बीच फॉर्वर्ड लोकेशन और पैंगोंग लेक सेक्टर से चीन के सैनिकों की वापसी जरूर हुई है। बीते 1 साल में वहां कई बार पुराने सैनिकों को बुलाकर नए सैनिकों की खेप भेजी गयी है ताकि ज्यादा परेशानी ना हो। 

2 साल के लिए तैनात होते हैं भारतीय सैनिक
गौरतलब है कि भारतीय सेना के जवानों को इन इलाकों में 2 साल के लिए तैनात किया जाता है। 40 फीसदी सैनिकों की रोटेशन पॉलिसी के तहत सैनिकों की अदला-बदली की जाती है। हालांकि, आईटीबीपी के जवान इन कठिन इलाकों में 2 साल से भी ज्यादा वक्त तक साथ रहते हैं। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे लगातार इस इलाके का दौरान करते रहते हैं। बीते हफ्ते चीन को सीधा संदेश देते हुए जनरल नरवणे ने कहा था कि पूर्वी लद्दाख में टकराव के सभी बिंदुओं से सैनिकों की पूरी तरह से वापसी हुए बिना तनाव में कमी नहीं आ सकती। भारतीय सेना इस क्षेत्र में आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। वे किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार हैं।