द फॉलोअप टीम, डेस्क:
पिछले 20 सालों में अफगानिस्तान का काफी विकास हो गया है। यहां अमेरिका ने काबुल में अमेरिकी यूनिवर्सिटी की स्थापना की थी, जिसमें पश्चिमी शिक्षा दी जाती थी। लड़के लड़कियों में इस यूनिवर्सिटी में पढ़ने का अलग ही क्रेज था। लेकिन अब जब अमेरिकी सैनिक पूरी तरह अफगानिस्तान को छोड़ कर चले गए हैं, तो पूरे काबुल पर तालिबान का कब्जा है। अमेरिका के काबुल से जाने के बाद यूनिवर्सिटी के लड़कियों की जिंदगी नर्क बनने वाली है। BBC की एक पत्रकार ने दावा किया है कि अमेरिकी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्राओं को बलात्कार करने और जान से मार देने की धमकियां तालिबानियों ने दी हैं। अमेरिकी बलों के काबुल से लौटने के बाद लड़कियों पर खतरा बढ़ गया है।
क्या लिखा BBC की पत्रकार ने
BBC के पत्रकार ने लिखा, 'काबुल में अमेरिकी यूनिवर्सिटी के छात्रों का कहना है कि तालिबान को उनके नाम और घर का पता मालूम है। एक छात्रा को ये मैसेज मिला है, जिसमें लिखा है- तुम अमेरिकी यूनिवर्सिटी में पढ़ती थी और सरकार के लिए काम करती थी। थोड़ा इंतजार करो, हम तुमसे निबटेंगे।' एक और मैसेज में इस छात्रा से कहा गया है- हम तुम्हारा रेप करेंगे और तुम्हें मार देंगे।

घरों में छुपकर रह रही लड़कियां
काबुल की पढ़ी लिखी छात्राएं छुपकर रह रही हैं और वह बहुत डरी हुई हैं। अमेरिकी यूनिवर्सिटी की एक छात्रा ने पत्रकार से बात करते हुए कहा कि 'मैं नहीं जानती की मैं कैसा महसूस कर रही हूं। मेरी अगस्त में ही सगाई हुई थी। मैं अपने मंगेतर से भी नहीं बात कर रही हूं। क्या कहूं, क्या समझाऊं? मैं बदहवास हूं। मुझे डर लग रहा है कि अगर मैं ये महसूस करूंगी कि क्या हो रहा है तो मैं पागल हो जाऊंगी।'

तालिबान ने कहा डरने की जरुरत नहीं है
इधर तालिबान की कथनी और करनी में बेहद अंतर है। तालिबान कह रहा है कि महिलाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा और किसी को भी निशाना नहीं बनाया जाएगा। महिलाओं को शरियत में मिले उनके अधिकार दिए जाएंगे। तालिबान समर्थकों ने कुछ तस्वीर भी वायरल की हैं, जिसमें लड़कियों को बाजार घूमते हुए दिखाया गया है। हालांकि, ये तस्वीरें कब की हैं इसकी पुष्टि नहीं की गयी है।
