द फॉलोअप टीम, मुंबई:
महाराष्ट्र के ठाणे से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। भिवंडी इलाके में एक नाबालिग से बलात्कार का मामला सामने आया है। ठाणे ज़िले की एक औरत पर आरोप है कि उसने एक तांत्रिक के कहने पर अपनी बेटी का बलात्कार करवाया। बच्ची की मां ने अंधविश्वास में आकर तांत्रिक को बच्ची सौंप दिया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता 16 साल की है। लड़की की तबीयत खराब थी। उसके गले में दर्द था। इलाज से जब बच्ची ठीक नहीं हुई तो उसकी मां ने तांत्रिक का सहारा लिया। उसे तांत्रिक के पास ले गई। तांत्रिक ने मां से कहा कि उसके मरे हुए चाचा की आत्मा का साया उस पर है। इसलिए उसकी तबीयत खराब है। फिर कहा कि वह लड़की को ठीक कर सकता है। इसके बाद लड़की को जंगल में ले गया और उसका बलात्कार किया।

गले में दर्द रहता था
पीड़ित ने नरपोली पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, “शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके गले में तेज़ दर्द रहता था। आरोपी ने दावा किया कि उस पर उसके एक मरे हुए अंकल का साया है और वो उसे ठीक कर देगा। आरोपी तांत्रिक उसे जंगल में लेकर गया और उसका बलात्कार किया। पीड़िता ने बताया कि उसकी मां उसे लेकर जंगल गई थी।”

पोक्सो एक्ट से मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी तांत्रिक, पीड़िता की मां और उनके एक परिचित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता इस बात से अब तक उबार नहीं पायी है कि उसकी मां ने उसे इस कुकृत्य में शामिल किया।