logo

तरुण मुरारी बापू ने महात्मा गांधी को कहा 'देशद्रोही', मुकदमा दर्ज

16740news.jpg

द फॉलोअप टीम, भोपाल: 

कालीचरण महाराज के बाद अब एक और संत ने महात्मा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया है। तरुण मुरारी बापू नाम के संत ने महात्मा गांधी को देशद्रोही कहा। तरुण मुरारी बापू ने कहा कि गांधी ने देश को विभाजित किया। वो एक देशद्रोही थे। गौरतलब है कि तरुण मुरारी बापू ने मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में ये बयान दिया। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। 

नरसिंहपुर में हुई आपत्तिजनक बयानबाजी
गौरतलब है कि नरसिंहपुर में एक कार्यक्रम के दौरान तरुण मुरारी बापू ने महात्मा गांधी पर उपरोक्त आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। इसके बाद एक शिकायत के आधार पर मुरारी बापू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि ये पहली बार नहीं है जब महात्मा गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई हो। 

कालीचरण महाराज ने भी कहा था अपशब्द
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक धर्म संसद का आयोजन किया गया था। इस धर्म संसद में हिंदू धर्म को लेकर मंथन और चर्चा होनी थी, लेकिन यहां कालीचरण महाराज नाम के शख्स ने महात्मा गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। कालीचरण महाराज ने वहां गांधीजी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया और सभा में उपस्थित भीड़ ने तालियां बजाईं।


कालीचरण महाराज ने ना केवल महात्मा गांधी को अपशब्द कहा बल्कि उनकी हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे का महिमामंडन भी किया। बाद में एक संत ने इस बयान की आलोचना करते हुए खुद को धर्म संसद से अलग कर लिया। 

रायपुर पुलिस ने कालीचरण को गिरफ्तार किया
रायपुर में कालीचरण महाराज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बाद में कालीचरण महाराज को मध्य प्रदेश के खजुराहो से गिरफ्तार किया गया। रायपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने तकनीक का सहारा लेकर कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि फिलहाल कालीचरण महाराज न्यायिक हिरासत में हैं। हैरान करने वाली बात है कि कालीचरण महाराज ने अपने बयान पर अफसोस जाहिर करने या माफी मांगने से इंकार कर दिया है। उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज है।