द फॉलोअप टीम, डेस्क:
68 साल बाद टाटा के पास एयर इंडिया पहुंची है। एयर इंडिया विनिवेश पर मंत्रियों के समूह ने निर्णय किया है कि टाटा संस ने एयर इंडिया की सबसे ऊंची बोली लगाई है। टाटा ने 18 हजार करोड़ की बोली लगाई है। अब सरकारी एयरलाइन एयर इंडिया टाटा ग्रुप के नियंत्रण में दिसंबर तक आ जाएगी। आज डिपार्टमेंट ऑफ इन्वेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है।
टाटा ने नीलामी में बाजी मार ली
इस बिडिंग प्रक्रिया में दो टाटा संस और स्पाइसजेट थे, लेकिन टाटा ने बाजी मार ली है। दरअसल सरकार घाटे से जूझ रही थी। एयर इंडिया को बेचने के लिए सरकार ने जनवरी 2020 में प्रक्रिया शुरू की थी। लेकिन तब तक कोरोना काल शुरू हो गया। इसलिए यह मामला करीब 1 साल तक लटका रहा। इस साल अप्रैल में सरकार ने कंपनियों से कहा कि वे एयर इंडिया को खरीदने के लिए वित्तीय बोली लगाएं। इसके लिए 15 सितंबर अंतिम तारीख तय की गई थी।

रतन टाटा ने ट्वीट कर जताई खुशी
गौरतलब है कि टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने एयर इंडिया की वापसी पर एक ट्वीट भी किया। अपने ऑफिशियल ट्विटर पर रतन टाटा ने लिखा कि वेलकम बैक एयर इंडिया। एक अन्य ट्वीट में रतन टाटा ने लिखा कि एयरबस डिफेंस, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और भारतीय रक्षा मंत्रालय को बधाई। गौरतलब है कि एयर इंडिया पहले टाटा समूह की ही हुआ करती थी। बाद में इसे राष्ट्रीयकरण के नाम पर अधिग्रहण कर लिया गया था। अब ये वापस टाटा के पास जा रही है।

कई कंपनियां शामिल थी रेस में
एयर इंडिया को खरीदने के लिए कई कंपनी रेस में थी। टाटा ग्रुप का टाटा संस को ही सबसे बड़े दावेदार बना रहा। हालांकि, वर्तमान में टाटा समूह की एयर एशिया और विस्तारा में भी हिस्सेदारी है। सबसे ज्यादा बोली लगाने पर टाटा संस को एयर इंडिया की कमान दी गयी। 15300 करोड़ के कर्ज के साथ डील हुई है। टाटा संस 2700 करोड़ रुपये कैश पेमेंट करेगा। दिसंबर 2021 तक कंप्लीट हैंडओवर की प्रक्रिया की जाएगी।

भारत सरकार ने किया था अधिग्रहण
पहले एयर इण्डिया टाटा एयरलाइंस ही था। जेआरडी टाटा ने 1932 में टाटा एयर सर्विसेज शुरू की थी, जो बाद में टाटा एयरलाइंस बन गयी और 29 जुलाई 1946 को यह पब्लिक लिमिटेड कंपनी हो गई थी। 1953 में भारत सरकार ने टाटा एयरलाइंस का अधिग्रहण किया और यह सरकारी एयरलाइन बन गयी।