logo

मंडप पर बैठी दुल्हन को मिली चुनाव में जीत की खबर, शादी रोक पहुंची जीत का सर्टिफिकेट लेने

मंडप पर बैठी दुल्हन को मिली चुनाव में जीत की खबर, शादी रोक पहुंची जीत का सर्टिफिकेट लेने
द फॉलोअप टीम, लखनऊ: 

दुल्हन सज-धज तक मंडप पर बैठी थी। बारात आ चुकी थी। शादी की रस्में निभाई जा रही थी। तभी दुल्हन को पता चला कि उसने पंचायत चुनाव में जीत हासिल की है। वो बीडीसी के पद के लिए चुनी गयी हैं। बस, फिर क्या था! दुल्हन ने शादी रूकवाई और पहले मतगणना स्थल का रूख किया। दुल्हन ने वहां पहुंचकर अपनी जीत का सर्टिफिकेट लिया। वापस आकर शादी की रस्में निभाई। 

यूपी के रामपुर में अनोखा वाकया
ये अनोखा वाकया हुआ है यूपी के रामपुर में। उत्तर प्रदेश के रामपुर तहसील में एक गांव है मोहम्मदपुर जदीद। यहां रहने वाली पूनम की शादी थी। बारात बरेली से आई थी। मंडप में शादी की रस्में निभाई जा रही थीं। आधी रस्में निभाई जा चुकी थी। इसी बीच पूनम को किसी ने बताया कि वो पंचायत चुनाव में बीडीसी के पद पर निर्वाचित हुई है। मतगणना स्थल जाकर सर्टिफिकेट लेना होगा। 

पूनम ने कुछ देर रूकवाई शादी
नई-नवेली दुल्हन पूनम ने कुछ देर के लिए शादी रूकवाई। दुल्हन के वेश में ही मतगणना स्थल पहुंची और जीत का सर्टिफिकेट लिया। इस बीच मतगणना स्थल में दुल्हन को देख हर कोई हैरान रह गया। जब लोगों को इसके पीछे की कहानी का पता चला तो लोगों ने पूनम की किस्मत की दाद दी। कई लोगों ने पूनम के निर्वाचित होने पर बधाई दी। मंडप से सर्टिफिकेट लेने के लिए आने की भी सराहना की। 

ऐसे लिया जीत का सर्टिफिकेट
पूनम जब मतगणना स्थल से लौटीं तो शादी का बाकी रस्में निभाई गयी। बाराती और घराती सभी बहुत खुश हुए। पूनम का कहना है कि एक तरफ शादी और दूसरी तरफ बीडीसी के पद पर चुना जाना। बहुत खुशी की बात है। मैं काफी खुश हूं। इससे बड़ी और क्या बात हो सकती है। ये पल मैं कभी नहीं भूलूंगी।