logo

India Corona Update: 50 नए मॉड्यूलर हॉस्पिटल बनाएगी केंद्र सरकार, एक जगह से दूसरी जगह किया जा सकेगा शिफ्ट

India Corona Update: 50 नए मॉड्यूलर हॉस्पिटल बनाएगी केंद्र सरकार, एक जगह से दूसरी जगह किया जा सकेगा शिफ्ट
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

कोरोना महामारी ने देश में स्वास्थ्य व्यवस्था की कलई खोल दी। स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से धराशायी हो गई। लोग अस्पतालों में बेड, नर्सिंग स्टाफ, डॉक्टर्स, ऑक्सीजन और दवाइयों के लिए जूझते नजर आये। सवाल उठे कि ना तो राज्य और ना ही केंद्र सरकार स्वास्थ्य की दिशा में सकारात्मक काम करती है। कोरोना काल में देश में साढ़े 3 लाख से ज्यादा लोगों को अपनी जिंदगी गंवानी पड़ी। 

नए अस्पताल बनाएगी केंद्र सरकार
इस बीच स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है। खबर है कि केंद्र सरकार देश के विभिन्न भागों में आईसीयू और 100 बेड वाले 50 मॉड्यूलर हॉस्पिटल बनाने की तैयारी में है। कहा जा रहा है कि ये अस्पताल आगामी 25 साल तक चलेंगे। कहा जा रहा है कि इन अस्पतालों को 1 सप्ताह से भी कम समय में डिस्मैंटल करके एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जा सकता है। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इन मॉड्यूलर अस्पतालों को मौजूदा अस्पतालों के पास ही विकसित किया जायेगा। ऐसा इसलिए ताकि मुख्य अस्पतालों पर से बोझ कम किया जा सके।

देश के इन हिस्सों में बनेगा अस्पताल
रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीयू युक्त 100 बेड वाले ऐसे 50 अस्पताल बनाए जाने की योजना है। इनको तीन हफ्ते में तैयार किया जायेगा। कहा जा रहा है कि इन अस्पतालों के निर्माण में कुल अनुमानित लागत 3 करोड़ रुपये की आएगी। आगामी छह से सात सप्ताह में ये अस्पताल पूरी तरह से शुरू कर दिए जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले बैच में बिलासपुर, अमरावती, पुणे, जालना और मोहाली में ऐसे अस्पताल बनेंगे। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 20 बेड वाला अस्पताल बनेगा। बेंगलुरु में 20, 5- और 100 बेड एक-एक अस्पताल बनाया जायेगा। इनको 1 सप्ताह से भी कम समय में डिस्मैंटल करके एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सकता है। 

कोरोना की दूसरी लहर कमजोर हुई
गौरतलब है कि भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में अब लगातार नए मरीजों की संख्या में कमी आ रही है। नए मामलों की संख्या लगातार 1 लाख से कम है। यही नहीं, भारत में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या भी कम हो गई है। इस बीच देश में टीकाकरण कार्यक्रम भी जारी है। पिछले दिनों पीएम मोदी ने देश के सभी नागरिकों के फ्री टीकाकरण की घोषणा की थी। केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि दिसंबर तक देश के 80 फीसदी लोगों का टीकाकरण कर दिया जाये।