logo

रांची: हिनू में अल्ताफ की हत्या करने वाले जावेद को भी मारने आए थे, लोगों ने धर दबोचा

10938news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

हिनू में पैंटलून्स के सामने बुधवार को अल्ताफ की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी शनिवार को सद्भभावना कमिटी के अध्यक्ष जावेद अनवर की भी हत्या करने पहुंचे थे। कमर में पिस्टल रखकर वे पैदल ही जावेद के पास पहुंचे। तब जावेद घर के बाहर ही बैठे थे। जैसे ही अपराधियों ने कमर से बंदूक निकाली, जावेद ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया तो आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने मिलकर चार लोगों के पकड़ा, जिनके नाम शहबाज, चांद, मुन्ना और सरफराज है। इस बीच पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सादे लिबास में आकर उन्हें ले गई। बताया जा रहा है कि जावेद अल्ताफ से करीबी थे, इसलिए उनकी भी हत्या करने पहुंचे थे अपराधी।

अल्ताफ की हत्या में भी शामिल थे आरोपी 
पूछताछ में अपराधियों ने कबूला कि वे जावेद की हत्या करने के लिए आए थे। पुलिस ने जानकारी दी कि कुल 8 लोग गिरफ्तार हुए हैं, जिनके पास से कुल 4 पिस्टल बरामद हुए हैं। 3 लोगों के भागने की भी सूचना मिली है। भागने वालों में से एक शूटर शोएब भी है। ये सभी लोग बुधवार को अल्ताफ की हत्या में शामिल थे। कुछ लोगों ने रेकी की थी, एक ने गोली चलाई थी, अन्य लोगों ने इनकी मदद की थी। गनीमत रही कि वे लोग जावेद की हत्या में कामयाब नहीं हो पाए। 

पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई
शनिवार को जावेद को मारने के उद्देश्य से गए अपराधियों की पूरी गतिविधि सीसीटीवी में कैद हो गई। साफ दिख रहा है कि जावेद और आस पास के लोग अपराधियों से भिड़ गए और फिर पुलिस को फोन किया। जिसके बाद सादे लिबास में पुलिस ने आकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद पार्षद और उनके पति की संलिप्तता पर पुलिस ने अभी तक कुछ नहीं कहा है।

पुलिस का कहना है जाल बिछा कर पकड़ा
पुलिस ने अभी तक इसे लेकर कोई अधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन पुलिस का कहना है कि यह पूरा जाल पुलिस ने बिछाया था, ताकि उन्हें पकड़ा जा सके। पहले जावेद को लेकर झूठी खबर फैलाई कि वो पुलिस को आपराधियों के बारे में बताने वाले हैं, इसलिए अपराधी उन्हें मारने पहुंचे और फिर गिरफ्तार हो गए। जबकि घटना के दौरान पुलिस वहीं मौजूद नहीं थी, बल्कि फोन करने के बाद आई।