logo

खुल गया केदारनाथ मंदिर का कपाट, कोरोना महामारी की वजह से श्रद्धालुओं की 'नो एंट्री'

8529news.jpg
द फॉलोअप टीम, देहरादून: 
विश्व प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल चारधामों में से एक केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। सोमवार को सुबह पांच बजे मंदिर का कपाट खोल दिया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ट्वीट में बताया कि केदारनाथ मंदिर का कपाट आज सुबह पांच बजे सभी अनुष्ठानों के लिए खोल दिया गया। मैं बाबा केदारनाथ से सभी को स्वस्थ रखने की प्रार्थना करता हूं। 



पुजारियों ने विधि-विधान से की पूजा
केदारनाथ मंदिर का कपाट खुलने के साथ ही वहां विधि-विधान से पूजा शुरू कर दी गयी। परंपरा के मुताबिक सेना के बैंड के साथ मंदिर का कपाट खोला गया। पुजारियों ने विधि-विधान से भगवान केदारनाथ की पूजा की। हालांकि कोरोना महामारी की वजह से इस बार श्रद्धालुओं को वहां जाने की इजाजत नहीं दी गयी है। केवल मंदिर के आधिकारिक पुजारी ही पूजा करेंगे। 

चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित
मिली जानकारी के मुताबिक कोरोना महामारी की वजह से चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। चारधान यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित की गयी है। उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने जानकारी दी कि बिना तीर्थयात्रियों के केवल पुजारियों द्वारा अनुष्ठान किया जा रहा है। इस बीच कई तस्वीरें भी सामने आईं जिनमें केदारनाथ मंदिर के पुजारी विधि-विधान से पूजा करते नजर आए। बता दें कि अक्टूबर-नवंबर में सर्दियों की शुरुआत में मंदिर का कपाट बंद कर दिया जाता है। अप्रैल-मई में गर्मियों के साथ ही केदारनाथ मंदिर का कपाट खोल दिया जाता है। 

उत्तराखंड में कोरोना की रफ्तार बेकाबू
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर बेकाबू हो गयी है। प्रदेश में प्रति 1 लाख लोगों पर 771 एक्टिव कोरोना मरीज हैं। उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 4 हजार 496 मरीज मिले हैं। इस बीच 188 लोगों की मौत हो गयी। यहां अब तक 2 लाख 87 हजार 286 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। उत्तराखंड में अब तक 4 हजार 811 लोगों ने संक्रमण से जान गंवाई है। 1 लाख 98 हजार 530 लोगों ने रिकवरी भी की है। विपक्षी पार्टियां आरोप लगा रही है कि स्वास्थ्य सुविधा की कमी है।