logo

संसदीय परंपराओं को तार-तार होते देखने को क्‍यों मजबूर पूरा देश

संसदीय परंपराओं को तार-तार होते देखने को क्‍यों मजबूर पूरा देश

शशांक शेखर वाजपेयी, लखनऊ:

कतिपय मुद्दों पर चर्चा मात्र के प्रति सत्तासीन पक्ष व विपक्ष में उपजे मतभेदों के कारण संसद के मानसून सत्र के पहले दो हफ्ते हंगामे की भेंट चढ़ गए। विदित हो कि संसदीय लोकतंत्र के अंतर्गत हमारे माननीय सांसदगण , संसद में लोक महत्व के मुद्दों पर चर्चा करते हैं और उन चर्चाओं के आधार पर सत्तापक्ष अपनी नीतियों को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने में अपनी भूमिका अदा करता है। वस्तुस्थिति ये है कि संसदीय प्रणाली के स्थापित मापदंडों के अनुरूप पूरा का पूरा विपक्ष जहाँ कार्य स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत कर पेगासस जासूसी प्रकरण, किसान आंदोलन और बढ़ती महँगाई पर तत्काल चर्चा की मांग कर रहा तो वहीं सत्तापक्ष विभिन्न तर्कों के आधार पर , विपक्ष के इन कार्य स्थगन प्रस्तावों को स्वीकार करने से इनकार कर रहा । नतीजे के तौर पर संसद अपना आवश्यक विधायी कार्य निपटाने में असहाय नजर आ रही।

संसद के दौरान करीब 10-5 करोड़ का खर्च प्रतिदिन

हमारे माननीय सांसदों को ये जानना और समझना (भी) होगा कि संसद चले या न चले , लेकिन पूरे संसद के दौरान करीब 10-5 करोड़ का व्यय प्रतिदिन होता है। ये पैसा किसी पक्ष या विपक्ष का नहीं अपितु हिन्दुस्तान के हम करदाताओं का होता है और इस पैसे को बर्बाद करने का हक किसी को नहीं ! हालांकि हमारी संसदीय लोकतंत्र प्रणाली के इतिहास में सत्रों के हंगामे की भेंट चढ़ जाने का एक लंबा व कष्टकारी इतिहास रहा है । बोफ़ोर्स , 2-जी , कोयला घोटाला या फिर तहलका रहस्योद्घाटन जैसे मुद्दों पर विपक्ष के ऐसे ही कार्य स्थगन प्रस्तावों पर संसद सत्र का लगभग 50% समय हंगामे की भेंट चढ़ जाना हमने विगत में देखा है । 1987 में बोफ़ोर्स मुद्दे पर करीब 45 दिनों तक संसद लगातार ठप्प रही थी। बात दीगर है कि तत्समय लोकसभा में विपक्ष की तेजतर्रार नेता स्व• सुषमा स्वराज जी एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता स्व• अरुण जेटली जी ने ऐसे हंगामों के औचित्य को सही ठहराते हुए इन्हें लोकतांत्रिक मानकों के अनुरूप घोषित करते हुए , संसद को चलाने की जिम्मेदारी पूरे तौर पर सरकारों पर डाल दी थी।

सौहार्द के वातावरण में संसद चलाने की जिम्मेदारी सरकारों की

अब मेरी समझ में ये बात नहीं आ पा रही कि यदि भूतकाल में संसद सत्र को सौहार्द के वातावरण में चलाने की जिम्मेदारी "सरकारों" की थी, तो फिर वर्तमान में ऐसी क्या कोई नई परिस्थितियाँ उत्पन्न हो गईं कि तत्संबंधी सरकार के दायित्व (अब) कहीं और शिफ्ट हो गये। भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली को फलीभूत होते देखने के लिये नितांत आवश्यक है कि सर्वप्रथम हम , भारतीय जनमानस और तब हमारे माननीय सांसदगण , देश के संसाधनों के महत्व व फिर इन्हें नेस्तनाबूत करने के कुप्रयास के "कारणों" को समझें व तब फिर तदनुसार अपनी सोच व आचरण में आमूल-चूल परिवर्तन करें । हमारे-आपके स्तर पर पहले इन "कारणों" को समझना इसलिए भी आवश्यक है कि ये हम भारत के लोग ही हैं जो इन सांसदों को "माननीय" का ओहदा प्रदान करते हैं। पूरे प्रकरण में गौरतलब ये है कि संसदीय चर्चाओं के सापेक्ष नीति निर्धारण व उनके क्रियान्वयन का विशेषाधिकार संबंधित सरकारों में निहित है । इन स्थापित संसदीय प्राविधानों के बावजूद भी यदि मात्र "चर्चा" के विषय पर मतभेदों के कारण महान संसदीय परंपराओं को तार तार होते पूरा देश देखने को मजबूर है तो इससे बड़ा हमारा दुर्भाग्य और कुछ नहीं हो सकता !

(लेखक मूलत: झारखंड के पलामू के हैं। संप्रति स्‍वतंत्र लेखन।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। सहमति के विवेक के साथ असहमति के साहस का भी हम सम्मान करते हैं।