logo

लड़की का ब्याह तय हो गया था, बारात आने से पहले ही प्रेमी के साथ भागकर रचाई शादी

6646news.jpg
द फॉलोअप टीम, धनबाद: 
निरंजन और संध्या को मोहब्बत थी। दोनों बीते कई वर्षों से रिलेशनशिप में थे। घर भी आसपास ही था। दोनों के पिता भी एक ही कंपनी में काम करते हैं। चुपके-चुपके इनका प्यार परवान चढ़ा। दोनों साथ जिंदगी बिताने का सपना देखने लगे। निरंजन और संध्या एक दूसरे से प्यार करते हैं, ये बात उनके परिजनों को मालूम नहीं थी। निरंजन और संध्या प्यार को मुकाम तक पहुंचाने का सपना देख ही रहे थे कि संध्या के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। निरंजन और संध्या को लगा कि उनका साथ जिंदगी बिताने का सपना अधूरा रह जायेगा। 

धनबाद के कतरास का है पूरा मामला
ये पूरा मामला धनबाद के कतरास स्थित बरोरा थाना इलाके का है। बरोरा थाना इलाके के खोदोबली श्रमिक कॉलोनी में निंरजन और संध्या का परिवार रहता है। दोनों के पिता बीसीसीएल में साथ काम करते हैं। इनका घर भी आसपास ही है। निरंजन और संध्या में प्यार था लेकिन संध्या के घरवालों ने उनकी शादी कहीं और तय कर दी। 9 मई को संध्या की बारात आने वाली थी। संध्या और निरंजन ने कोई और चारा ना देख घर से भागने का फैसला किया। वे घर से भागे और धनबाद के शक्ति मंदिर में जाकर शादी रचा ली। इधर भागने की बात जानकर दोनों के घर में हंगामा मच गया। मामला पुलिस तक पहुंच गया। दोनों की खोजबीन शुरू हो गयी। 

परिजनों ने भी मान ली शादी की बात
जब संध्या और निरंजन को पता चला कि उनके घर से भागने और शादी कर लेने का मामला पुलिस तक पहुंच गया है तो नवविवाहित जोड़ा बरोरा थाना पहुंचा। पुलिस को बताया कि वे दोनों बालिग हैं और साथ जिंदगी बिताना चाहते हैं। पुलिस ने दोनों के परिजनों को थाने बुलवाया। उन्हें समझाया कि प्रेमी युगल को साथ रहने देने में ही भलाई है। परिजन भी मान गये। दोनों की शादी करा दी। संध्या थाने से सीधे अपने ससुराल पहुंच गयी। इधर इस मामले की इलाके में खूब चर्चा है। संध्या और निरंजन अपने घर में खुश हैं।