द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच आज खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे से कोलकाता के ईडन गार्डन्स अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। विराट कोहली के बाद टी20 फॉर्मेट के नियमित कप्तान बने रोहित शर्मा की अगुवाई में खेल रही टीम इंडिया सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है।
2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है इंडिया
गौरतलब है कि टीम इंडिया ने सीरीज का पहला मुकाबला जयपुर में पांच विकेट से जीता था वहीं दूसरा मुकाबला रांची में 7 विकेट से जीता। दोनों ही मुकाबलों में कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहली बार टीम इंडिया में शामिल वेंकटेश अय्यर ने रांची में खेले गये मुकाबले में बल्ले से प्रभावित किया। रांची में पहला मुकाबला खेल रहे हर्षल पटेल तो मैन ऑफ द मैच रहे। टीम इंडिया कोलकाता में न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी। टीम इंडिया ये मुकाबला जीतती है तो न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना रिकॉर्ड भी सुधारेगी।

कोलकाता के इस मैदान में होगा मुकाबला
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मैच शाम सात बजे से खेला जायेगा। चूंकि टीम इंडिया सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर चुकी है तो हो सकता है कि कुछ नये खिलाड़ियों को मौका दिया जाये। रितुराज गायकवाड़, ईशान किशन, आवेश खान जैसे खिलाड़ी बैंच पर हैं और कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ बेंच स्ट्रेंथ को आजमाना चाहेंगे। इस बीच ये भी जानकारी दें कि केएल राहुल और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी बतौर ओपनर 1000 रन की साझेदारी करने में महज 200 रन से पीछे है। दोनों बल्लेबाज इस मुकाबले में इसके करीब जाना चाहेंगे।
बेंच स्ट्रेंथ आजमा सकते हैं कप्तान रोहित शर्मा
गौरतलब है कि विराट कोहली के टी20 फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने के बाद बीसीसीआई ने रोहित शर्मा को इस फॉर्मेट का नया कप्तान नियुक्त किया। केएल राहुल उपकप्तान बनाए गये हैं। अगला विश्व कप होने में महज 11 महीने का वक्त बचा है, ऐसे में बीसीसीआई के मजबूत टीम बनाना चाहेगी। राहुल द्रविड़ नियमित कोच हैं और उन्होंने बतौर एनसीए चेयरमैन एवं जूनियर टीम की कोचिंग के जरिये युवा खिलाड़ियों के साथ लंबे वक्त तक काम किया है।