logo

बिहार के नए शिक्षा मंत्री को नहीं आता राष्ट्रगान? संजय निरुपम ने वीडियो शेयर कर उठाए सवाल

2599news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना:
बिहार में गद्दी संभालने के दो दिन बाद ही नीतीश सरकार पर विपक्ष ने सवालिया निशान लगाने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में शिक्षा मंत्री के तौर पर नियुक्त किए गए मेवालाल चौधरी को लेकर आरजेडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा था। वहीं, अब महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भी एक वीडियो शेयर कर चौधरी की योग्यता पर सवाल उठाए हैं।

शिक्षामंत्री राष्ट्रगान भूल गए
निरुपम ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि बिहार के नए शिक्षा मंत्री राष्ट्रगान भी नहीं गा पाते हैं। खास बात है कि मेवालाल चौधरी पहले भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं। निरुपम ने लिखा कि ये बिहार के नए शिक्षा मंत्री हैं। कहते हैं, ये जनाब पहले किसी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर थे। राष्ट्रगान भी नहीं गा पाते। भारतीय लोकतंत्र के इन पापों को कौन धोएगा?' दरअसल, इससे पहले यह वीडियो बिहार विधानसभा चुनाव की सबसे बड़ी पार्टी रही राजद के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया था। इस वीडियो को शेयर कर आरजेडी ने भी नीतीश कुमार पर हमला बोला था। 

मेवालाल पर लालू ने भी कसा तंज
इसके अलावा चारा घोटाले में सजा काट रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी नीतीश सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ट्वीट किया 'तेजस्वी जहां पहली कैबिनेट में पहली कलम से 10 लाख नौकरियां देने को प्रतिबद्ध था, वहीं नीतीश ने पहली कैबिनेट में नियुक्ति घोटाला करनेवाले मेवालाल को मंत्री बना अपनी प्राथमिकता बता दी है। विडंबना देखिए जो भाजपाई कल तक मेवालाल को खोज रहे थे आज मेवा मिलने पर मौन धारण किए हुए हैं।'

ये भी पढ़ें......

चौधरी पर पहले भी लग चुके हैं कई आरोप
विधायक मेवालाल चौधरी को राज्य का शिक्षा मंत्री बनाए जाने के बाद से ही सियासी विवाद खड़ा हो गया है। एक ओर आरजेडी ने सवाल किया है कि अल्पसंख्यकों को नजरअंदाज कर दागी नेता को पद क्यों दिया गया है। हालांकि, चौधरी ने अपने ऊपर लग रहे तमाम आरोपों का खंडन किया है। चौधरी पर भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति रहते हुए भवन निर्माण और नियुक्तियों में धांधली के आरोप लगते रहे हैं।