द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
टोक्यो ओलंपिक्स 2020 का समापन हो गया। टोक्यो ओलंपिक के समापन के बाद भारतीय खिलाड़ी वापस भारत लौट आए हैं। भारत ने टोक्यो ओलंपिक्स में कुल सात पदक जीते। भारत ने 1 गोल्ड, 2 रजत और 4 कांस्य पदक जीता। भारतीय दल में से वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने रजक पदक जीता। रवि दहिया ने रेसलिंग में रजत पदक जीता। रेसलिंग में ही बजरंग पुनिया ने कांस्य पदक जीता। जेवलीन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने गोल्ड जीता वहीं बेडमिंटन में पीवी सिंधू कांस्य जीतीं। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी 41 साल बाद कोई ओलंपिक पदक जीता। कांस्य मिला।

दिल्ली एय़रपोर्ट पर खिलाड़ियों का स्वागत
जब सोमवार को भारतीय खिलाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर भारतीय खिलाड़ियों का परिवार और प्रशंसक जुटे थे। गाजे-बाजे और जयकारों के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। लोगों ने कामयाबी का खूब जश्न मनाया जो लगातार जारी है। गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक्स में भारतीय दल ने अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। इस बार भारत को कुल सात पदक मिले जो अब तक में सर्वाधिक है।

खेल मंत्रालय करेगा खिलाड़ियों को सम्मानित
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली के अशोका होटल में सोमवार की देर शाम खेल मंत्रालय द्वारा आय़ोजित कार्यक्रम में भारतीय खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने टोक्यो से दिल्ली लौटे भारतीय खिलाडियों की तस्वीर ऑफिशियल ट्विटर पर शेयर की हैं। इन तस्वीरों में खिलाडियों के चेहरे पर पदक जीतने की खुशी और स्वदेश वापसी का सुकून देखा जा सकता है। प्रशंसकों में भी खासा उत्साह देखा जा सकता है।

भारत में ओलंपिक्स को लेकर खासा उत्साह था
बता दें कि टोक्यो ओलंपिक्स में भारत ने अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेजा था। कुल 127 खिलाड़ी टोक्यो गए थे। इस बार भारत में ओलंपिक्स खेलों को लेकर खासा उत्साह दिखा। पहले ऐसा नहीं था। कई नए खिलाड़ी उभरकर सामने आए। मुक्केबाजी में लवलीना बोर्गोहेन ने कांस्य जीता। गोल्फ में युवा अदिति अशोक काफी कम अंतर से पदक से चूकीं। ओलंपिक के ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने पहला पदक दिलाया। महिला हॉकी टीम ओलंपिक इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंची। पुरुष हॉकी टीम ने 4 दशक बाद पदक जीता।