logo

महंगी हुई बैंकिंग सेवाएं! टैक्स सहित इन नियमों में बदलावों से आपकी जेब होगी ढीली

महंगी हुई बैंकिंग सेवाएं! टैक्स सहित इन नियमों में बदलावों से आपकी जेब होगी ढीली

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 


देश में 1 अगस्त से बैंकिंग नियमों में कई बदलाव किए गए हैं। महामारी और महंगाई  के बीच टैक्स और बैंकिंग  के इन नियमों में बदलाव का सीधा असर आपके जेब पर होगा।  चूंकि इस साल रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) व केंद्र सरकार का लक्ष्य आर्थिक वृद्धि है तो इस बार सावधि जमा (एफडी) पर ब्याज दरों में वृद्धि की भी गुंजाइश नहीं दिख रही । उधर महंगाई दर में वृद्धि से जनता परेशान तो है ही। पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। 

टैक्स बकाये पर जुर्माना
वित्तीय वर्ष 2020- 2021 के लिए नए आयकर नियमों के अनुसार अब एक लाख रुपये या ज्यादा सेल्फ असेसमेंट बकाया होने पर करदाताओं को जुर्माना चुकाना पड़ेगा। आयकर अधिनियम-1961 की धारा 234ए के तहत एक फीसदी जुर्माना प्रति महीने देना होगा। हालांकि यह वरिष्ठ नागरिकों पर लागू नहीं होगा। 

तीन वित्तीय लेनदेन मुफ्त
छह मेट्रो शहर सहित मुंबई और नई दिल्ली में एक महीने में तीन वित्तीय और गैर-वित्तीय लेनदेन मुफ्त होगा। इससे अधिक के हर वित्तीय लेन-देन के लिए 20 रुपये शुल्क देना होगा। गैर-वित्तीय लेनदेन पर 8.50 रुपये शुल्क लगेगा। दूसरे बैंकों के एटीएम से रकम निकासी पर 17 रुपये शुल्क लगेंगे जो कि पहले 15 रुपये ही लगते थे । वहीं, गैर वित्तीय लेनदेन पर 5 से 6 रुपये तक बढ़ाया गया है।

बैंक की सेवाएं हुईं महंगी
आईसीआईसीआई (ICICI) की होम ब्रांच से हर महीने में एक लाख से ज्यादा और एक दिन में 25 हजार से ज्यादा लेनदेन पर 5 रुपये प्रति 1,000 रुपये या न्यूनतम 150 रुपये शुल्क देना होगा। ग्राहक को 25 से ज्यादा प्रति 10 चेक पर 20 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

SBI : होम लोन की  प्रोसेसिंग फीस खत्म
एसबीआई (SBI) बैंक ने मानसून धमाका ऑफर अपने ग्राहकों को दिया है। अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से होम लोन लेने पर 31 अगस्त तक प्रोसेसिंग फीस नहीं देनी होगी। आपको ज्ञात हो कि बैंक, लोन का करीब 0.40% फीस के रूप में लेता है।

 बढ़ गयी , फॉर्म 15सीए/15सीबी भरने की तिथि
आयकर विभाग ने राहत देते हुए फॉर्म 15सीए/ 15सीबी भरने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 अगस्त, 2021 कर दी है। अब  दोनों फॉर्म भरना होगा विदेश में पैसे भेजने वाले करदाताओं को ।