logo

झामुमो के दिग्गज नेता साइमन मरांडी का निधन, सीएम हेमंत सोरेन ने कविता लिख जताया दुख

7367news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड मुक्ति मोर्चा के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक साईमन मरांडी का निधन हो गया। साईमन मरांडी बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। दिवगंत साईमन मरांडी सांसद भी रहे। झारखंड की राजनीति में साईमन मरांडी एक खास मुकाम रखते थे। साईमन मरांडी ने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 74 वर्ष के थे। साईमन मरांडी के निधन की सूचना सबसे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष इशहाक अंसारी ने दी। कहा जा रहा है कि साईमन मरांडी बीते एक महीने से खराब स्वास्थ्य की वजह से कोलकाता के अस्पताल में भर्ती थे। 

छात्र जीवन में ही शुरू हुआ था राजनीतिक करियर
साईमन मरांडी ने छात्र रहते हुये ही राजनीति में कदम रखा था। साईमन मरांडी पहली बार 1977 में बतौर निर्दलीय लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। उन्होंने तब मरांग मुर्मू को 149 मतों से चुनाव में हराया था। साईमन मरांडी झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उन्हें दिशोम गुरू शिबू सोरेन का काफी करीबी माना जाता है। साईमन मरांडी पांच बार लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट से विधायक बने। 1989 में लोकसभा चुनाव जीतने पर साईमन मरांडी ने अपनी पत्नी सुशीला हांसदा को लिट्टीपाड़ा सीट से विधायक बनाया। इस वक्त उनके बेटे दिनेश विलियम मरांडी लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। दिनेश विलियम पर पिता की विरासत आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। 

सीएम ने साइमन मरांडी के निधन पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साईमन मरांडी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं लिट्टीपाड़ा से पूर्व विधायक आदरणीय साइमन मरांडी जी का निधन एक अपूरणीय क्षति है।  झारखण्ड संघर्ष में विशेष योगदान देने वाले साइमन दा की कमी हमेशा खलेगी। परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार और कार्यकर्ताओं को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। मुख्यमंत्री ने एक कविता के जरिये भी अपनी संवेदना व्यक्त की। अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल के जरिये उन्होंने लिखा कि, सुनी दिल की राजनीति में दांव-पेंच भी आजमाये। संताल परगना में आपकी दहाड़ अब सुनाई ना देगी। आपके जाने की कसक और पीड़ा सदैव मन में रहेगी। 

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी ट्वीट कर जताया दुख
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी साइमन मरांडी के निधन पर दुख व्यक्त किया। बन्ना गुप्ता ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि झारखंड के कद्दावार नेता और पूर्व मंत्री साइमन मरांडी के निधन की दुखद सूचना मिलने से मन व्यथित है। झारखंड ने आज अपना लाल खो दिया। उनसे आत्मीय संबंध थे। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना करता हूं। ईश्वर परिजनों और शुभचिंतकों को दुख सहने का साहस दे। अन्य नेताओं ने भी दुख व्यक्त किया है।