द फॉलोअप टीम, हजारीबागः
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के बारा गांव के रहने वाले खिरोधर प्रसाद मंडल 40 वर्ष के हो चुके हैं, लेकिन अब भी मां की गोद का सहारे उनकी जिंदगी चल रही है। खिरधोर की लंबाई मात्र 28 इंच है। वह खुद चलने फिरने में असमर्थ हैं, और उनकी मां ही उनका एकमात्र सहारा हैं। बड़ी मुश्किल से खिरोधर की आजीविका चल पाती है।
मां पार्वती देवी ने गांव में एक परचून की दुकान खोल दी, ताकि खिरधोर कुछ रूपये कमा सके, दुकान में मां रोज खिरधोर को छोड़ जाती हैं। वह दुकान में ही पूरे दिन बैठे या लेटे रहते हैं। ग्राहक खुद दुकान आते हैं और खुद सामान लेकर चले जाते हैं। मां शाम को उन्हें लेकर घर आती हैं। खिरोधर को चिंता यह सता रही कि मां बूढ़ी हो रही है, वह कब तक उसे गोद में उठा पाएगी। जिंदगी ने अगर मां का साथ छोड़ दिया तो उनका क्या होगा।

दूसरे नंबर पर हैं खिरधोर
मां भी इस बात से परेशान है कि उनके बाद खिरोधर का क्या होगा। खिरोधर चार भाई बहन में दूसरे नंबर पर हैं। बाकि सब सामान्य हैं। 2006 में खिरोधर ने इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया था। वो सरकारी नौकरी चाहते थे, लेकिन उन्हें नहीं मिली। सरकारी मदद के नाम पर उन्हें केवल 1 हजार मासिक पेंशन मिल रही है। खिरोधर कई नेताओं और मुख्यमंत्री तक से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हे सिर्फ आश्वासन मिलता रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से कान में सुनने वाली मशीन की मांग की है।
सबसे कम ऊंचाई के व्यक्ति
ग्रामीणों का कहना है कि खिरोधर राज्य में सबसे कम ऊंचाई के इंसान हैं। गांव वालों का कहना है कि खिरधोर की गणना देश या विश्व के नाटे कद वाले इंसानों की सूची में की जानी चाहिये। इससे शायद उन्हें कुछ और मदद मिल जाती।