logo

मोदी की 'ड्रीम टीम' में कितने दागी! कैबिनेट मंत्रियों पर दर्ज हैं हत्या और लूट जैसे संगीन मामले

10650news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली:

बीते बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार हुआ जिसमें 43 नए कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली। कैबिनेट में अब मंत्रियों की संख्या 78 हो गयी है इसमें 42 फीसद मंत्री दागी है। एडीआर की एक रिपोर्ट में ये बात सामने आई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने इस बात का खुलासा किया है कि  इन सभी मंत्रियों के किए गए विश्लेषण में 42 प्रतिशत मंत्री यानी 33 के खिलाफ आपराधिक मामले है। किस मंत्री के खिलाफ कौन सा आपराधिक मामला दर्ज है। ये अपराध दीवानी हैं या फौजदारी। मामले कितने संगीन हैं। ये सारी जानकारी आपको यहां मिलेगी। 



मंत्रियों के खिलाफ संगीन धाराओं में दर्ज मामले
मोदी मंत्रिमंडल के 78 में से 33 मंत्रियों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले होने की बात स्वीकार की है। इनमें से 24 मंत्री ऐसे हैं जिनके ऊपर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री जॉन बरला पर गंभीर अपराध की धाराओं वाले 9 मामले और 38 अन्य मामले दर्ज हैं। वहीं गृह राज्यमंत्री निशित प्रमाणिक पर 21 गंभीर धाराओं वाले 11 मामले दर्ज हैं। वित्त राज्यमंत्री बनाए पंकज चौधरी पर हत्या के प्रयास के  5 मामले दर्ज हैं। चार मंत्री जॉन बारला, प्रमाणिक, पंकज चौधरी और वी मुरलीधरन ने हत्या के प्रयास से जुड़े मामलों को स्वीकार किया है। 



पांच मंत्रियों पर धार्मिक उन्माद फैलाने का आरोप
पांच मंत्रियों पर सांप्रदायिकता फैलाने और धार्मिक उन्माद फैलाने का आरोप है। जिसमें ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, कृषि राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी के नाम शामिल हैं। वहीं नितिन गडकरी समेत सात मंत्रियों पर चुनाव के दौरान अवैध ढंग से आर्थिक फायदा लेने का आरोप है।



कई कैबिनेट मंत्रियों के पास करोड़ों की संपत्ति 
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार मोदी के कैबिनेट मंत्रियों में 90 प्रतिशत मंत्री करोड़पति है। 78 मंत्रियों में 70 मंत्री करोड़पति हैं। चार मंत्रियों  ज्योतिरादित्य सिंधिया, पीयूष गोयल, नारायण तातु राणे और राजीव चंद्रशेखर के पास 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास सबसे ज्यादा 379 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं पीयूष गोयल की कुल संपत्ति 95 करोड़ से अधिक है। नारायण राणे के पास 87 करोड़ से ज्यादा व इलेक्ट्रॉनिक एवं राजीव चंद्रशेखर के पास 64 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।



इन मंत्रियों के पास 1 करोड़ से भी कम संपत्ति 
कैबिनेट में ऐसे भी मंत्री है जिनके पास एक करोड़ से भी कम संपत्ति है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक के नाम सिर्फ  6 लाख की संपत्ति है। उन्हें सबसे 'गरीब' मंत्री कहा जा सकता है। जॉन बारला के नाम 14 लाख, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी के नाम 24 लाख की सम्पति है। 12 मंत्रियों की शैक्षणिक योग्यता कक्षा 8 से 12वीं के बीच है।  64 मंत्री ग्रेजुएट और उससे अधिक योग्यता रखते हैं।  दो मंत्री डिप्लोमा धारक, तो 17 स्नातक हैं। अन्य 17 के पास प्रोफेशनल स्नातक डिग्री है तो 21 मंत्री परास्नातक और 9 डॉक्टर हैं।