logo

मछली पकड़ने डैम में उतरे तीन बच्चों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

8275news.jpg
द फॉलोअप टीम, लातेहार: 
लातेहार जिला के बालूमाथ थानाक्षेत्र अंतर्गत बालू गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। डैम में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी। मृतक बच्चों की पहचान 10 वर्षीय पंकज प्रजापति, 12 वर्षीय चंदन प्रजापति और 12 साल के रूपेश प्रजापति के रूप में की गयी। बच्चे आपस में रिश्तेदार लगते थे। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। 

डैम में मछली मारने गए थे तीनों बच्चे
जानकारी के मुताबिक गांव के पास ही एक डैम है। तीनों बच्चे उसी डैम में मछली मारने गए थे। मछली मारने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख बाकी दो बच्चे भी उसे बचाने के लिए गहरे पानी में उतर गए। वहीं पास में कुछ लोग बैठे थे। बच्चों को डूबता देख उन्होंने शोर मचाया। बच्चे भी मदद के लिए चिल्ला रहे थे। लोग भागकर वहां पहुंचे। 

स्थानीय लोगों ने बच्चों को निकाला
बच्चों को डूबता देख आसपास काम कर रहे लोग डैम की तरफ भागे। कुछ युवकों ने तुरंत छलांग लगाई और बच्चों को बाहर निकाला। तब तक काफी देर हो चुकी थी। डूबने से तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। एक साथ तीन बच्चों की मौत हो जाने से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गयी। पुलिस कार्रवाई में जुट गयी है।