logo

आज खुल जाएगा टीकरी बॉर्डर फिर हो सकेगा आवागमन, 11 माह से था बंद

आज खुल जाएगा टीकरी बॉर्डर फिर हो सकेगा आवागमन, 11 माह से था बंद

द फॉलोअप टीम, दिल्ली:

पिछले 11 महिनों से किसान आंदोलन जारी है। 3 कृषि कानूनों के खिलाफ किसान लगातार 11 महिनों से आंदोलनरत हैं। इस आंदोलन के कारण टीकरी बॉर्डर इतने महिनों से बंद था, आज यह बॉर्डर खुलने जा रहा है। यह बॉर्डर दिल्ली को हरियाणा से जोड़ने वाला रास्ता है। दिल्ली पुलिस ने आज इसे खोलने की पूरी तैयारी कर ली है। बॉर्डर पर गड़ाई गई कीलें और कांटे गुरुवार को उखाड़ दिए गए। बैरिकेड्स भी हटा दिए गए हैं। जल्द ही गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे-9 (NH) का एक तरफ का रास्ता साफ हो गया है।

पहले की तरह कर सकेंगे इस्तेमाल
जिनका दिल्ली और बहादुरगढ़ आना जाना लगा रहता है वह अब पहले की तरह ही इस हाईवे का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, अब भी एक तरफ की ही सड़क खुलेगी क्योंकि दूसरी तरफ काफी दूर तक किसानों के टेंट लगे हैं। गौरतलब है कि पिछले साल की नवंबर से ही किसान आंदोलन चल रहा है। दिल्ली की सीमा से सटे हरियाणा के सिंघु और टीकरी बॉर्डर पर पंजाब  और हरियाणा के  हजारों किसान आंदोलन में डटे हुए हैं।

सुप्रीम कोर्ट में उठी थी मांग
बंद दिल्ली के रास्तों को खुलवाने की मांग सुप्रीम कोर्ट में की गई थी।  इसके बाद हरियाणा सरकार ने पिछले महीने ही एक हाई पावर कमेटी गठित की। इस कमेटी में हरियाणा के गृह सचिव राजीव अरोड़ा, DGP पीके अग्रवाल, CID चीफ आलोक मित्तल सहित उन अधिकारियों को शामिल किया गया जो किसानों के साथ बातचीत करके रास्ता खुलवा सकें। शुरूआत में कमेटी को कोई कामयाबी नहीं मिली, लेकिन 26 अक्टूबर को बहादुरगढ़ में गौरेया पर्यटन केंद्र में हुई बैठक के बाद टीकरी बॉर्डर के एक तरफ के रास्ते को खोलने को लेकर सहमति बन गई।