logo

अब पड़हा राजा लेंगे लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे जोड़े पर फैसला

9743news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले प्रेमी जोड़े और उसके स्वजनों को आठ माह से समाज से बहिष्कृत रखने के मामले में रविवार को ग्राम सभा की बैठक हुई। बैठक में ग्राम प्रधान नवीन गुड़िया, ग्राम सभा अध्यक्ष शरण सुरीन, तपकारा थाना प्रभारी विक्की ठाकुर समेत ग्राम सभा के कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इस अवसर पर ग्राम सभा ने कहा कि एक ही गोत्र में शादी करना परंपरा के खिलाफ है। ऐसी शादी करने पर उस परिवार का सामाजिक बहिष्कार करना समाज में सदियों से चला आ रही परंपरा का हिस्सा है। इसे मागो होना कहा जाता है। मागो आदिकाल से चली आ रही प्रथा है। मुंडा समाज में कोई लड़का या लड़की एक ही गोत्र में शादी कर लेता है, तो उसे मागो यानी हुक्का पानी और गांव बदर कर दिया जाता है।

एक गोत्र में शादी के बाद जान से मारने की थी परंपरा
हालांकि, पुरखों की परंपरा के मुताबिक पहले अपने ही गोत्र के लड़का-लड़की से शादी करने पर दोनों को जान से मार कर गांव के बार्डर पर उसके नाम से पत्थलगड़ी कर दी जाती थी। मागो यानी मार गिराओ। लेकिन, कुछ सालों से जान से मारने वाली परंपरा को खत्म कर दिया गया है। इसके बदले उन्हें गांव और समाज से बहिष्कृत कर दिया जाता है। साथ ही उनके हुक्का-पानी बंद कर गांव से बाहर निकाल देने की प्रथा है। ग्राम सभा ने कहा कि इस मामले में आगे जो भी निर्णय होगा, वो पड़हा राजा हाबिल गुड़िया द्वारा ही लिया जाएगा। मौके पर थाना प्रभारी विक्की ठाकुर ने कहा कि वर्तमान दौर में समाज से बहिष्कृत करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। ग्राम सभा में सकारात्मक पहल करते हुए जल्द ही मामले को सुलझा लें।